स्वतंत्र आवाज़
word map

खेल दिवस पर प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं!

हॉकी के महान दिग्गज खिलाड़ी ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित

'खेल दिवस खिलाड़ियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों का उत्‍सव'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 29 August 2020 01:40:29 PM

national sports day

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर आज खिलाड़ियों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर पर भारतीय हॉकी के महान दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस उन सभी खिलाड़ियों की अनुकरणीय उपलब्धियों का उत्‍सव मनाने का विशिष्‍ट दिन है, जिन्होंने विभिन्न खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और इसके साथ ही हमारे राष्ट्र को गौरवांवित किया है, इन सभी खिलाड़ियों का तप और दृढ़ संकल्प निश्चित तौरपर उत्‍कृष्‍ट है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का हॉकी स्टिक से जुड़ा विलक्षण जादू कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है, इतना ही नहीं राष्ट्रीय खेल दिवस हमारे प्रतिभाशाली एथलीटों की कामयाबी में उनके परिवारों, कोचों और सहायक कर्मचारियों के उल्‍लेखनीय सहयोग की सराहना करने का भी विशेष दिन है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार विभिन्‍न खेलों को लोकप्रिय बनाने के साथ-साथ भारत में खेल प्रतिभाओं को आवश्‍यक सहयोग देने के लिए भी अथक प्रयास कर रही है, इसके साथ ही मैं सभी लोगों से खेल और फिटनेस व्यायाम को अपनी दिनचर्या का अहम हिस्सा बनाने का आग्रह करता हूं, इसके अनगिनत फायदे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर मैं उन सभी खिलाड़ियों को सलाम करता हूं, जो अपने जुनून और कठिन परिश्रम से भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं।
गृहमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार खेलो इंडिया तथा फ़िट इंडिया जैसी पहल से न सिर्फ खेलों को बढ़ावा दे रही है, बल्कि युवा प्रतिभाओं को संवारने के प्रति कटिबद्ध भी है। अमित शाह ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद एक महान खिलाड़ी थे, उन्होंने ओलंपिक मे तीन स्वर्ण पदक जीते और अपनी जादुई तकनीक से करोड़ों खेल प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया, उनकी प्रतिभा, उपलब्धियां और मातृभूमि के प्रति समर्पण हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को हुआ था और उनके ही सम्मान में हर साल 29 अगस्त का दिन राष्ट्रीय खेल दिवस के रूपमें मनाया जाता है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]