स्वतंत्र आवाज़
word map

समुद्री जहाजों के संचालन मार्ग बदले गए

भारतीय जल क्षेत्र में नौवहन को सुरक्षित व आसान बनाना

व्‍यापारी और मछली पकड़ने वाले जहाजों ने की थी मांग

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 22 July 2020 01:10:40 PM

operating routes changed for fishing vessels

नई दिल्ली। केंद्रीय जहाजरानी मंत्रालय ने एक पुरानी मांग को पूरा करते हुए और नौवहन की सुरक्षा और दक्षता पर ध्‍यान देते हुए देश के दक्षिण पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में व्‍यापारी जहाजों और मछली पकड़ने के लिए इस्‍तेमाल किए जाने वाले जहाजों के संचालन मार्गों को अलग कर दिया है। भारत के दक्षिण-पश्चिम तट के आसपास अरब सागर का जल क्षेत्र एक व्यस्त समुद्री मार्ग है, जहां से बड़ी संख्या में व्यापारी जहाज गुजरते हैं, इसके साथ ही यहां से बड़ी संख्या में मछली पकड़ने के जहाज भी गुजरते हैं, जिससे कभी-कभी इनके बीच दुर्घटनाएं हो जाती हैं और इसकी वजह से संपत्ति एवं पर्यावरण दोनों का नुकसान होता है, कई बार लोगों की जान भी चली जाती है।
केंद्रीय जहाजरानी राज्यमंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा है कि जहाजों के परिचालन पथ में बदलाव का फैसला भारतीय जल क्षेत्र में नौवहन को सुरक्षित और आसान बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्‍होंने कहा कि यह टक्‍कर जैसी दुर्घटनाओं से बचने, समुद्र में जीवन को सुरक्षित बनाए रखने के साथ-साथ समुद्री यातायात को आसान बनाने तथा समुद्री पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में सुधार सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि यह जहाजरानी महानिदेशालय की ओर से उठाया गया एक बहुत ही सकारात्मक कदम है, जो क्षेत्र में जहाजों के यातायात को कुशलता से नियंत्रित करेगा। भारतीय समुद्री क्षेत्र के दक्षिण-पश्चिमी जल मार्ग में राउटिंग प्रणाली का लागू किया जाना जहाजरानी महानिदेशक के 2020 के एमएस नोटिस संख्‍या 11 के माध्‍यम से अधिसूचित किया गया है। नए जलमार्ग 1 अगस्त 2020 से प्रभावी हो जाएंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]