स्वतंत्र आवाज़
word map

जौनपुर में जज़ेज‌ कालोनी में हुआ होली मिलन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 09 April 2013 09:15:55 AM

traditional holi milan program

जौनपुर। जौनपुर में जज़ेज‌ कालोनी में न्यायिक अधिकारियों, जिले के अन्य अधिकारियों और उनके परिजनों के बीच बड़े ही परंपरागत होली मिलन कार्यक्रम हुआ। दीवानी न्यायालय के न्यायिक अधिकारी होली मिलन समारोह में मौजूद शाहजहांपुर के जनपद न्यायाधीश अली जामिन ने होली पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि होली का पर्व प्रेम और भाई चारे के रंग में रंग जाने का पर्व होता है, आपसी गिला शिकवा भुलाकर एक दूसरे को गले लगाकर यह पर्व सदियों से मनाया जा रहा है, यह मानव को मानवीय भावना से ओत प्रोत करता है।
रविवार को जजेज कालोनी स्थित सेशन हाउस में हुए होली मिलन समारोह में फूलों से होली खेली गई और होली के कर्णप्रिय लोक-गीत भी गाए गए। रविंद्र सिंह ज्योति के गीत बीत गईले ऐसो के फगुनआ हो रामा तथा मुझको तुम बरसात में समझो आग का दरिया हूं पर न्यायिक अधिकारी एवं उनके परिवार के सभी लोग मंत्रमुग्‍ध्‍ा हुए। लिटिल मास्टर गुलाब राही पूर्वांचल कोकिला सविता अंशुमान तथा विपुल चौबे के गीतों से माहौल होलीमय हो गया। पहली बार सेशन हाउस में गुलाब की पंखुड़ियों एवं गेंदे के फूलों से जमकर होली खेली गई।
इस अवसर पर कई प्रतियोगिताएं भी हुईं, जिनमें उप जिलाधिकारी केराकत रितु सुहास ने सबसे अधिक रंगों के नाम लिखने में सब को पछाड़ते हुए प्रथम पुरस्कार जीता। जिलाधिकारी जौनपुर सुहास एलवई ने भी जमक फूलों से होली खेली। कार्यक्रम का संयोजन अपर सिविल जज़‌ षष्टम डॉ सुनील कुमार सिंह ने किया था। संचालन पत्रकार डॉ रामसिंगार शुक्ल गदेला ने किया। जिला जज जौनपुर राकेश कुमार ने आभार ज्ञापित किया।
इस होली मिलन की काफी सराहना हुई। अपर सिविल जज डॉ सुनील कुमार सिंह ने इसे पुष्परंगों से समृद्ध परंपरागत होली का वातावरण प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, यही कारण था कि सभी अधिकारियों ‌और उनके परिजनों ने इस होली मिलन का खूब आनंद लिया। हालॉकि डॉ सुनील कुमार सिंह स्थानांतरण पर जौनपुर से फरेंदा, महाराजगंज की आउट लाइन कोर्ट में जा रहे हैं, 15 अप्रैल को जौनपुर में चार्ज छोड़ देंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]