स्वतंत्र आवाज़
word map

ईरान से भारतीयों को लेकर चला शार्दुल

मालदीव और श्रीलंका से 2874 नागरिक भारत लाए गए

भारतीय नौसेना के ऑपरेशन समुद्र सेतु का दूसरा चरण

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 8 June 2020 06:23:21 PM

shardul, a ship carrying indians from iran

नई दिल्ली। भारत समुद्र सेतु के दूसरे चरण में ईरान से भारतीय नौसेना के जहाज शार्दुल से भारतीय नागरिकों को लेकर चल दिया है। विदेशों से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के अगले चरण में आज ईरान इस्लामी गणतंत्र के अब्बास बंदरगाह से भारतीयों को लेकर पोरबंदर गुजरात के लिए रवाना हुआ है। इससे पहले ईरान में भारतीय मिशन में भारतीय नागरिकों की सूची तैयार की गई, जिन्हें आवश्यक मेडिकल स्क्रीनिंग के बाद यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।
गौरतलब है कि भारतीय नौसेना ने भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए 8 मई 2020 से ऑपरेशन समुद्र सेतु शुरु किया था। भारतीय नौसेना के जहाजों जलाश्व और मगर ने पहले ही मालदीव और श्रीलंका से 2874 नागरिकों को कोच्चि और तूतीकोरिन बंदरगाहों तक पहुंचाया है। भारतीय नौसेना ने बताया कि आईएनएस शार्दुल जहाज पर कोविड से संबंधित सामाजिक दूरी बनाए रखने के मानदंडों का पालन किया जा रहा है और इसके लिए जहाज को विशेष रूप से तैयार किया गया है। ईरान से भारतीयों की निकासी अभियान के लिए अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ, डॉक्टर, स्वच्छता विशेषज्ञ, पोषण विशेषज्ञ, मेडिकल स्टोर, राशन, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण, फेस-मास्क, जीवन रक्षक गियर समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। पोरबंदर में उतरने के बाद देखभाल के लिए नागरिकों को राज्य अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा।
आईएनएस शार्दुल जहाज में आवश्यक वस्तुओं में अधिकृत मेडिकल पोशाक के अलावा कोविड-19 से निपटने के लिए विशिष्ट चिकित्सा उपकरण कोविड-19 संकट के दौरान भारतीय नौसेना द्वारा विकसित किए गए अभिनव उत्पादों को भी शामिल किया गया है। समुद्र मार्ग से पोरबंदर तक लाने के दौरान नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं और चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। आकस्मिक स्थिति के लिए विशेष आइसोलेशन कम्पार्टमेंट भी चिन्हित किए गए हैं। बिना लक्षण वाले व्यक्तियों समेत कोविड-19 से जुड़ी विशिष्ट चुनौतियों के मद्देनजर, मार्ग के लिए सख्त प्रोटोकॉल निर्धारित किए जा रहे हैं। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]