स्वतंत्र आवाज़
word map

पर्यटन मंत्रालय की लोगो डिजाइन प्रतियोगिता शुरु

विजेता को भारत में किसी भी गंतव्य के लिए मिलेगा हॉलीडे पैकेज

पर्यटकों की रुचि एवं पर्यटन की रफ्तार को बढ़ावा-पर्यटन मंत्रालय

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 7 May 2020 01:25:46 PM

ministry of tourism launches dekho apna desh logo design contest

नई दिल्ली। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने 'देश देखो अपना' लोगो डिजाइन प्रतियोगिता माईगो प्लेटफॉर्म पर शुरु कर दी है। प्रतियोगिता का उद्देश्य देश के नागरिकों के रचनात्मक विचारों से निकलने वाले 'देश देखो अपना' अभियान के लिए लोगो तैयार करवाना है। देश देखो अपना पर्यटन मंत्रालय की एक पहल है, जिसे 24 जनवरी 2020 को ओडिशा के कोणार्क में केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने माईगो मंच पर लॉंच की थी। पर्यटन मंत्रालय की यह पहल 15 अगस्त 2019 को लालकिले की प्राचीर से की गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के अनुरूप है, जिसमें प्रत्येक नागरिक को घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2022 तक कम से कम 15 स्थलों की यात्रा करने के लिए कहा गया है।
भारत में इसका उद्देश्य पर्यटकों की रुचि और पर्यटन की रफ्तार को बढ़ाना है, ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था को विकसित करने में मदद मिल सके। पर्यटन मंत्रालय का कहना है कि लॉकडाउन के बाद और जैसे ही कोरोना महामारी के प्रसार पर नियंत्रण हासिल कर लिया जाएगा, इस बात पर व्यापक सहमति है कि घरेलू पर्यटन अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन की तुलना में तेजी से ठीक हो जाएगा। घरेलू पर्यटन क्षमता पर ध्यान केंद्रित करना, सभी देशवासियों को अपना देश घुमने के लिए प्रोत्साहित करना, अपनी सीमाओं के भीतर एक बहुत जरूरी ब्रेक लेना भारत की जीत की रणनीति होगी। लॉकडाउन की अवधि के दौरान पर्यटन मंत्रालय उद्योग के साथ मिलकर अपने दर्शकों के लिए देश देखो अपना के समग्र विषय पर वेबिनार भी आयोजित कर रहा है।
वेबिनार श्रृंखला का उद्देश्य भारत के विभिन्न पर्यटन स्थलों के बारे में जागरुकता पैदा करना और बढ़ावा देना है-जिसमें कम ज्ञात गंतव्य और लोकप्रिय स्थलों के कम ज्ञात पहलू को बताना शामिल है। देश देखो अपना लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता गतिविधि माईगोव पर लाइव है और इसका लिंक https://www.mygov.in/task/dekho-apna-desh-logo-design-contest/ है। देखो अपना देश लोगो प्रतियोगिता के विजेता को भारत में किसी भी गंतव्य के लिए 2 से 6 दिन के लिए 5 रातों का हॉलीडेज पैकेज मिलेगा। प्रतियोगिता के नियम और शर्तें MyGov.in पर उपलब्ध हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]