स्वतंत्र आवाज़
word map

भारतीय सिविल सेवा दिवस पर मोदी की बधाई!

'कोविड-19 को हराने में सिविल सेवकों के सराहनीय प्रयास'

'सरदार वल्लभभाई पटेल की परिकल्पना थी सिविल सेवा'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 21 April 2020 02:56:17 PM

pm narendra modi (file photo)

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर आज के दिन मनाए जाने वाले भारतीय सिविल सेवा दिवस पर देश के सिविल सेवकों और उनके परिवारों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सिविल सेवा दिवस पर मैं सभी सिविल सेवकों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए मैं कोविड-19 को हराने में भारत की सफलता सुनिश्चित करने के उनके प्रयासों की सराहना करता हूं, कि वे इस संकटकाल में चौबीस घंटे काम कर रहे हैं, जरूरतमंद लोगों की सहायता कर रहे हैं और सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर कोई स्वस्थ हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत के उत्कृष्ट प्रशासनिक ढांचे की कल्पना की थी और इसे प्रगति उन्मुख प्रणाली बनाने पर जोर दिया।
ग़ौरतलब है कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत के राजनीतिक एकीकरण और 1947 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान गृहमंत्री के रूपमें कार्य किया। देश की सारी रियासतों को भारतीय गणराज्य के क़ानून के अंतर्गत लाने लाने का काम किया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को सुनिश्चित करने के लिए अनेक क़दम उठाए, जिनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा एक ऐसा क़दम था, जिसपर आज भारत के सिविल सेवक गर्व करते हैं। भारत के सुनियोजित विकास की योजनाओं का जिम्मा मुख्यरूप से सिविल सेवकों पर ही है, यह अलग बात है कि आज भारतीय सिविल सेवकों में एक भटकाव सा देखा जा रहा है। यह कटु सत्य है कि सिविल सेवकों पर से सामान्य आदमी का विश्वास भी डगमगा रहा है। इसका कारण या तो सिविल सेवा के प्रशिक्षण में गुणवत्ता का लगातार ‌ह्रास होना है या सिविल सेव‌क अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों, जनता के प्रति जवाबदेही के महत्व को बहुत हल्के में लेने लगे हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]