स्वतंत्र आवाज़
word map

'समुद्री क्षेत्र की सुरक्षा में भारत की बड़ी भूमिका'

डिफेंसएक्सपो में दोनों देशों के रक्षामंत्रियों की द्विपक्षीय वार्ता

भारत और मेडागास्कर सुरक्षा सहयोग को बढ़ाने पर सहमत

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 6 February 2020 03:15:18 PM

defence minister of madagascar meeting the rajnath singh

लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में डिफेंसएक्सपो-2020 के दूसरे दिन मेडागास्कर के रक्षामंत्री लेफ्टिनेंट जनरल रोकोटोनिरीना रिचर्ड के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों रक्षामंत्रियों ने समुद्री सुरक्षा क्षेत्र में संबंधों को प्रगाढ़ करते हुए सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उनका कहना था कि समुद्री पड़ोसियों के रूपमें दोनों देशों की जिम्मेदारी बनती है कि वे सुरक्षित समुद्री वातावरण विकसित करें, ताकि दोनों देशों के बीच व्यापार और वाणिज्य तेजी से आगे बढ़े। राजनाथ सिंह ने मार्च 2018 में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मेडागास्कर की राजकीय यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक यात्रा ने दोनों देशों के बीच उत्कृष्ट द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रमुख भूमिका निभाई है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित एमओयू ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग के लिए एक सक्षम वातावरण प्रदान किया है। रक्षामंत्री ने आशा व्यक्त की कि डेफएक्सपो-2020 दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करने और आपसी जुड़ाव के विभिन्न क्षेत्रों की खोज करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। लेफ्टिनेंट जनरल रोकोटोनिरीना रिचर्ड ने कहा कि समुद्री क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाने में भारत की बड़ी भूमिका है। उन्होंने 'ऑपरेशन वनिला' के लिए अपनी सरकार की तरफ से आभार व्यक्त किया, जिसमें भारतीय नौसेना ने चक्रवात डायन की वजह से मेडागास्कर की प्रभावित जनता को सहायता प्रदान की थी। मेडागास्कर के रक्षामंत्री ने इस वर्ष 26 जून के मेडागास्कर के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को आमंत्रित किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]