स्वतंत्र आवाज़
word map

'भारत के अफ्रीका के साथ प्रगाढ़ संबंध'

उपराष्ट्रपति का कोमोरोस में गर्मजोशी से स्वागत

अफ्रीका में 18 नए दूतावास खोलने का निर्णय

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 11 October 2019 03:44:29 PM

vice president's comoros visit

मोरोनी/ नई दिल्ली। भारत के अफ्रीका के साथ प्रगाढ़ संबंध को उच्च प्राथमिकता देने की घोषणा के साथ उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने आज कोमोरोस और सिएरा लियोन की यात्रा की शुरुआत की। उपराष्ट्रपति ने इस अवसर पर कहा कि भारत अफ्रीका को फोकस महाद्वीप मानता है और इन पांच वर्ष में भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने अफ्रीका महाद्वीप के 32 दौरे किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने अफ्रीका में 18 नए दूतावास खोलने का निर्णय भी लिया है। कोमोरोस की राजधानी मोरोनी पहुंचने पर राष्ट्रपति अज़ाली असौमानी ने उपराष्ट्रपति वैकेंया नायडू का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सैन्य सलामी दी गई। कोमारोस में अपने पहले कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति ने भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए उनका नए भारत की विकासगाथा में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कोमारोस के भारतीयों की अपनी समृद्धि कोमारोसवासियों के साथ साझा करने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कोमारोस को ओर समृद्ध बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आईए हम अधिक समृद्ध, समरसतापूर्ण और दीर्घकालिक विश्व बनाएं।
उपराष्ट्रपति ने कहा प्रवासी भारतीयों ने केवल 250 होने के बाद भी कोमारोस के सामाजिक और आर्थिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में अहम योगदान दिया है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों की सांस्कृतिक विरासत को सहेज कर रखने और शांतिप्रिय समुदाय की छवि बनाए रखने के लिए भी सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व में आर्थिक विकास और सामाजिक बदलाव के कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी देते हुए वेंकैया नायडू ने कहा कि विश्वभर में मंदी के बाद भी भारत विश्व में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था में शामिल है और वर्ष 2024-25 तक भारत की अर्थव्यवस्था 5 ट्रीलियन अमेरिकी डॉलर के स्तर तक पहुंचने की संभावना है। अर्थव्यवस्था में सुधार करने के लिए सरकार के कदमों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि कार्पोरेट कर में भारी कमी से देश में निवेश बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आज भारत में व्यापार करना न सिर्फ निवेशकों के लिए लाभदायक है, बल्कि इसे सरल भी बनाया गया है, भारत ने महत्वपूर्ण कर सुधार की शुरूआत की है, जिनमें एक देश-एक कर, एक देश-एक बाज़ार भावना वाला जीएसटी भी सम्मिलित है।
वेंकैया नायडू ने ‌कहा कि भारत सरकार के आर्थिक सुधारों के बाद विदेशी प्रत्यक्ष निवेश के संबंध में भारत दुनिया के सबसे खुली अर्थव्यवस्था बन गई है, स्टार्ट-अप इंडिया देश में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दे रहा है और भारत के युवा डिजिटल क्रांति के वाहक हैं और स्टार्ट-अप को शक्ति दे रहे हैं। अफ्रीका के साथ भारत के व्यापार का संदर्भ देते हुए वेंकैया नायडू ने कहा कि अफ्रीकी देशों के साथ भारत का व्यापार गत वर्ष के मुकाबले 12 प्रतिशत बढ़ा है, करीब 54 बिलियन डॉलर के कुल निवेश के साथ भारत अफ्रीका में निवेश करने वाला 5वां सबसे बड़ा देश है। वेंकैया नायडू ने कहा कि वो राष्ट्रपति अज़ाली असौमानी के साथ सफल बैठक की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिसमें कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपराष्ट्रपति ने उनका स्मरण किया और कहा कि गांधीजी को भेदभाव और उपनिवेशवाद से संघर्ष की प्रेरणा अफ्रीका से मिली थी। उन्होंने कोमोरोस के प्रवासी भारतीयों को वर्ष 2021 में होनेवाले अगले प्रवासी भारतीय दिवस में भाग लेने का निमंत्रण दिया। उपराष्ट्रपति के साथ पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन मंत्री संजीव कुमार बाल्यान, सासंद रामविचार नेतराम और वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी इस दौरे में यात्रा कर रहा है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]