स्वतंत्र आवाज़
word map

आर्मी एयर डिफेंस ने पूरे किए 25 वर्ष

राष्ट्रपति ने जवानों को प्रसिडेंट्स कलर्स दिए

'आर्मी एयर डिफेंस की शानदार विरासत'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 30 September 2019 02:03:06 PM

ram nath kovind presenting the colours to corps of army air defence

गोपालपुर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने एक स्वतंत्र इकाई के रूपमें आर्मी एयर डिफेंस के 25 वर्ष पूरे होने पर गोपालपुर मिलिट्री स्टेशन में आर्मी एयर डिफेंस के जवानों को प्रसिडेंट्स कलर्स से सम्मानित किया। आर्मी एयर डिफेंस के जवानों की ओर से यह सम्मान आर्मी एडी सेंटर ने प्राप्त किया। प्रसिडेंट्स कलर्स शांति एवं युद्ध की स्थिति के दौरान राष्ट्र की सुरक्षा में सशस्त्र बलों की रेजिमेंट के अमूल्य योगदान को मान्यता देने वाला सर्वोच्च सम्मान है। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान एयर डिफेंस की टुकड़ियों ने विभिन्न अभियानों जैसे बर्मा अभियान, इम्फाल और कोहिमा की घेराबंदी, रंगून को दोबारा हासिल करने का अभियान, अराकान, मायितकाइना, हांगकांग, सिंगापुर, मलाया, बहरीन, इराक और फारस में कई अभियानों में भाग लिया और कई वीरता पुरस्कार प्राप्त किए। इन वीरता पुरस्कारों में चार मिलिट्री क्रॉस, ब्रिटिश साम्राज्य का एक पदक,सात भारतीय विशिष्ट सेवा पदक और ब्रिटिश साम्राज्य के दो आदेश शामिल हैं।
एयर डिफेंस 1940 से आर्टिलरी के एक हिस्से के रूपमें अस्तित्व में रहा है, लेकिन एक स्वतंत्र इकाई के रूपमें इसे 1994 में मान्यता दी गई थी। इस कोर को अबतक 2 अशोक चक्र, 2 कीर्ति चक्र, 20 वीर चक्र,9 शौर्य चक्र और 113 सेना पदक से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा इस कोर को 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान चार युद्ध सम्मान और 55 मेंशन-इन-डिस्पैच दिए गए हैं। इस टुकड़ी के नेतृत्व में एक प्रभावशाली परेड की शुरुआत में राष्ट्रपति को राष्ट्रीय सलामी दी गई। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने में भारतीय सशस्त्र बलों और विशेष रूपसे आर्मी एयर डिफेंस के जवानों की शानदार विरासत को याद किया। कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल गणेशीलाल और ओडिशा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]