सेना की दुलर्भ और दुर्गम स्थितियों में अनेक सफलताएं
लियो परगेल पर्वत की चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज फहरायास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 4 September 2019 01:40:56 PM
शिमला। भारतीय सेना की एक टीम ने बेहद खराब मौसम में भी चुनौतीपूर्ण स्थितियों का सामना करते हुए करीब 6773 मीटर ऊंचे लियो परगेल पर्वत पर सफलतापूर्वक फतह हासिल की और इसके प्रमाणस्वरूप लियो परगेल पर्वत की चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। रामपुर बुशहर के निकट झाकरी में इस अभियान दल की अगवानी पश्चिमी कमान के लेफ्टिनेंट जनरल पीएम बाली ने की। भारतीय सेना का साहसिक अभियानों से रोजमर्रा का वास्ता है और सेना ने ऐसे दुलर्भ और दुर्गम स्थानों पर सफलताएं अर्जित की हैं। भारतीय सेना के ऐसे अभियानों का दुनिया की सेनाएं भी लोहा मानती हैं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में लियो परगेल पर्वत हिमाचल की तीसरी सबसे ऊंची चोटी है और सर्वाधिक चुनौतीपूर्ण एवं तकनीकी दृष्टि से इसे अत्यंत कठिन चोटी माना जाता है। यह पर्वत श्रृंखला जांस्कर रेंज में आती है। लियो परगेल पर्वत के अभियान दल को हिमाचल में पूह से ट्राई पिक ब्रिगेड के कमांडर ने 20 अगस्त को रवाना किया था और इसमें ट्राई पिक ब्रिगेड की महार रेजिमेंट की 18वीं बटालियन के सैनिक शामिल थे। भारतीय सेना के प्रवक्ता ने बताया कि इससे भी कठिन अभियान भारतीय सैनिकों की योजनाओं में शामिल हैं, जिनपर सेना काम कर रही है। भारतीय सेना का मनोबल बहुत ऊंचा है, जो हाल के वर्षों में देखा और महसूस किया जा सकता है।