स्वतंत्र आवाज़
word map

राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों-2019 की घोषणा हुई

बजरंग पुनिया व दीपा मलिक को राजीव गांधी खेल रत्न

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 अगस्त को करेंगे सम्मान

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 21 August 2019 03:35:01 PM

national sports awards

नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार खेलों में उत्कृष्टता को मान्यता देने और पुरस्कृत करने के लिए हर साल दिए जाते हैं। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार चार वर्ष की अवधि के दौरान खेलों के क्षेत्र में सबसे शानदार और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। अर्जुन पुरस्कार 4 वर्ष के दौरान लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए दिया जाता है। द्रोर्णाचार्य पुरस्कार प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में पदक विजेता तैयार करने वाले कोच को प्रदान किया जाता है। खेलों के विकास में जीवनपर्यंत योगदान देने के लिए ध्यानचंद पुरस्कार दिया जाता है। कॉरपोरेट संस्थाओं (निजी और सार्वजनिक क्षेत्र दोनों में) और उन व्यक्तियों को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाता है, जिन्होंने खेलों के प्रोत्साहन और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में कुल मिलाकर शीर्ष प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालय को मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी प्रदान की जाती है।
इस वर्ष खेल पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में नामांकन प्राप्त हुए, जिनपर पूर्व अर्जुन पुरस्कार विजेताओं, द्रोर्णाचार्य पुरस्कार विजेताओं, खेल पत्रकारों, विशेषज्ञों, कमंटेटरों और खेल प्रशंसकों की चयन समितियों ने विचार किया है। खेल पुरस्कार-2019 के लिए गठित चयन समिति के अध्यक्ष उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति मुकुंदकम शर्मा थे। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार विजेताओं को पदक, प्रशस्तिपत्र के अलावा साढ़े सात लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं को लघु प्रतिमा, प्रमाणपत्र और पांच-पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2019 में संस्था को एक ट्रॉफी, प्रमाणपत्र दिया जाता है। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में कुल मिलाकर शीर्ष प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालय को एमएकेए ट्रॉफी, 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
चयन समिति की सिफारिशों और गहन जांच के बाद सरकार ने खिलाड़ियों, कोच, संस्थाओं और विश्वविद्यालय को पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। बजरंग पुनिया को कुश्ती और दीपा मलिक को पैरा एथलेटिक्स में राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान। नियमित श्रेणी कोच में विमल कुमार बैडमिंटन, संदीप गुप्ता टेबल टेनिस और मोहिंदर सिंह ढिल्लों एथलीटिक्स को द्रोणाचार्य पुरस्कार। जीवनपर्यंत श्रेणी कोच श्रेणी में हॉकी के मरज़बान पटेल, कबड्डी के रामबीर सिंह खोखर और क्रिकेट के संजय भारद्वाज चयनित। अर्जुन पुरस्कार हेतु तजिंदरपाल सिंह तूर एथलीटिक्स, मोहम्मद अनस याहिया एथलीटिक्स, एस भास्करन बॉडी बिल्डिंग, सोनिया लाथेर मुक्केबाज़ी, रवींद्र जडेजा क्रिकेट, चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम हॉकी, अजय ठाकुर कबड्डी, गौरव सिंह गिल मोटर स्पोर्ट्स, प्रमोद भगत पैरा बैडमिंटन, अंजुम मौदगिल शूटिंग, हरमीत राजुल देसाई टेबल टेनिस, पूजा ढांडा कुश्ती, फौआद मिर्ज़ा घुड़सवारी, गुरप्रीत सिंह संधू फ़ुटबॉल, पूनम यादव क्रिकेट, स्वप्ना बर्मन एथलीटिक्स, सुंदर सिंह गुर्जर पैरा एथलेटिक्स, भमिदीपति साई प्रणीत बैडमिंटन और सिमरन सिंह शेरगिल पोलो के लिए चयनित।
ध्यानचंद पुरस्कार के लिए मैनुअल फ्रेड्रिकस हॉकी, अरूप बसक टेबल टेनिस, मनोज कुमार कुश्ती, नितेनकिरतने टेनिस और सी लालरेमसंगा का तीरंदाजी में चयन। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए सिफारिश की गई उभरती हुई और युवा प्रतिभा की पहचान और पोषण में गगन नारंग स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन, गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन। कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के माध्यम से खेलों को प्रोत्साहन, खिलाड़ियों को रोज़गार और अन्य कल्याणकारी उपाय, विकास के लिए खेल रायलसीमा विकास ट्रस्ट और मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ट्रॉफी-2019 के लिए पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ का चयन। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति भवन में 29 अगस्त 2019 को विशेष रूपसे आयोजित समारोह में विजेताओं को सम्मानित करेंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]