स्वतंत्र आवाज़
word map

आईएनएस तरकश नॉर्वे के बर्गन बंदरगाह पहुंचा

तरकश की यात्रा नॉर्वे और भारत के बेहतर संबंधों का प्रतीक

'अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूती' भारतीय नौसेना मिशन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 10 August 2019 04:59:32 PM

ins tarakash reached bergen port in norway

बर्गन/ नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के युद्धपोत तरकश ने नॉर्वे के बर्गन बंदरगाह में प्रवेश कर लिया है। भारतीय नौसेना का यह युद्धपोत तरकश पश्चिमी बेड़े ओवरसीज परिनियोजन के एक अंग के रूपमें नॉर्वे की तीन दिवसीय यात्रा पर है। यह युद्धपोत भारतीय नौसेना की पश्चिमी कमान का एक हिस्‍सा है और मुंबई स्थित फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वेस्टर्न नेवल कमांड के ऑपरेशनल कमांड के अधीन है। तरकश की यात्रा नॉर्वे के साथ भारत के बेहतर संबंधों का प्रतीक है। कैप्टन सतीश वासुदेव की कमान में आईएनएस तरकश भारतीय नौसेना के सबसे शक्तिशाली फ्रंटलाइन फ्रिगेटों में से एक है और यह विभिन्‍न स्‍तर के बहुमुखी हथियारों और सेंसर से लैस है। भारत और नार्वे के बीच बढ़ते समुद्री महत्व और साझा समुद्री हित के लिए राष्ट्रीय लक्ष्यों के अभिसरण और संबंधों को और पुष्‍ट बनाने की दृष्टि से तरकश की यह नॉर्वे यात्रा अत्‍यंत महत्वपूर्ण है।
भारत और नार्वे के बीच सहयोग में वृद्धि के लिए नॉर्वे की रॉयल नौसेना और कोस्ट गार्ड के साथ उच्‍चस्‍तर की पेशेवर वार्ता की योजना है, इसके अलावा भारतीय और नॉर्वे की नौसेनाओं के बीच सामाजिक आदान-प्रदान के अलावा खेल प्रतिस्‍पर्धाओं का भी आयोजन किया जाएगा। भारत के नॉर्वे के साथ 1947 से सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। भारत-नॉर्वे संयुक्त आयोग की बैठकों के माध्यम से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति हुई है। रॉयल नॉर्वेजियन नेवी और भारतीय नौसेना के बीच फरवरी 2017 को नई दिल्ली में द्विपक्षीय चर्चा का आयोजन किया गया था। भारतीय नौसेना मिशन के अंतर्गत युद्धपोतों को नियमित रूपसे मित्र देशों के साथ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और मित्रतापूर्ण संबंधों को मजबूत करने के लिए तैनात किया जाता है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]