स्वतंत्र आवाज़
word map

दूरदर्शन विश्वास करने योग्य संस्था-जावड़ेकर

सीमावर्ती इलाकों में सूचना, शिक्षा और मनोरंजन का प्रसार

जम्मू-कश्मीर में फ्री डिश सेटटॉप बॉक्स वितरित किए गए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 24 June 2019 01:14:54 PM

ddfreedish set-top boxes distribution by union minister prakash javdekar

श्रीनगर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और केंद्रीय स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने जम्मू-कश्मीर राज्य के लिए विस्तृत पहलों की शुरुआत की। एसकेआईसीसी श्रीनगर में एक समारोह में जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक की मौजूदगी में दोनों मंत्रियों ने जम्मू-कश्मीर में दूरदर्शन के फ्री डिश सेटटॉप बॉक्स वितरित किए। इसके अलावा आधे घंटे के डोगरी कार्यक्रम और डीडी कशीर से न्यूज़ बुलेटिन एवं चैनल की सिग्नेचर ट्यून का शुभारंभ किया। प्रकाश जावड़ेकर ने इस अवसर पर सीमावर्ती इलाकों में लोगों तक सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के संदेश का प्रसार करने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय विशेष रूपसे दूरदर्शन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बुनियादी आवश्यकताओं के बाद सूचना और मनोरंजन लोगों की सबसे महत्वपूर्ण जरूरत है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार इन सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए आमजन तक पहुंचने के लिए सभी कदम उठा रही है।
आकाशवाणी की भूमिका की सराहना करते हुए प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ जैसी सेवाओं का बड़ी कुशलता के साथ उपयोग किया है, जो अब बेहद लोकप्रिय हो चुकी है। प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि दूरदर्शन और आकाशवाणी की विश्वसनीयता है, जो उनको कभी-कभी अफवाहों में बह जाने वाले अन्य चैनलों के मुकाबले अच्छी स्थिति में रखती हैं। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन विश्वास करने योग्य संस्था है। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने पूरे देश के लोगों तक पहुंच बढ़ाने के लिए दूरदर्शन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डोगरी कार्यक्रम और समाचार बुलेटिन के शुभारंभ से लोगों में गर्व और एकजुटता की भावना आएगी। उन्होंने दूरदर्शन को एक ऐसा चैनल बताया, जो दिलों को जोड़ता है।
जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को निश्चित रूपसे इस पहल से लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में शांति और समृद्धि लाने के लिए राज्य के युवाओं की समस्याओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने दूरदर्शन और आकाशवाणी से आग्रह किया कि वह आखिरी मील तक की जानकारी प्रदान करने के लिए सुदूरवर्ती इलाकों तक अपना प्रसार करे। प्रसार भारती के अध्यक्ष डॉ ए सूर्य प्रकाश ने डीडी फ्री डिश डीटीएच की गुणवत्ता पर प्रकाश डाला और इसे सशक्तिकरण का साधन बताया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में शांति और समृद्धि लाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
सूचना एवं प्रसारण सचिव अमित खरे, दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू, जम्मू और कश्मीर सरकार के मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रह्मण्यम और राज्य और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। यह सेट टॉप बॉक्स नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा, जिसमें दर्शक 100 चैनल मुफ्त में देख सकेंगे। डीडी कशीर पर समाचार बुलेटिन रोजाना शाम 6 बजे डिजिटल मोड पर प्रसारित किया जाएगा। सिग्नेचर ट्यून की रचना राहुल शर्मा ने की है, इसमें घाटी की भावना गूंजती दिखाई देगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]