स्वतंत्र आवाज़
word map

दिल्ली में तटरक्षक सहायक अधिकारी सम्मेलन

भारतीय तटरक्षक के महानिदेशक राजेंद्र सिंह ने किया उद्घाटन

तटरक्षक बल की जिम्मेदारी व तकनीक जैसे विषयों पर विमर्श

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 7 June 2019 03:06:19 PM

coast guard assistant officer conclave

नई दिल्ली। भारतीय तटरक्षक मुख्यालय नई दिल्ली में दो दिवसीय चौथे तटरक्षक सहायक अधिकारी सम्मेलन-2019 का आयोजन किया गया है, जिसका उद्घाटन भारतीय तटरक्षक के महानिदेशक राजेंद्र सिंह ने किया। सम्मेलन में देशभर के तटरक्षक इकाईयों के सहायक अधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में तटरक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया गया। सम्मेलन के माध्यम से तटरक्षक सहायक अधिकारियों की भूमिका का विस्तार किया गया और उन्हें अपने नवोन्मेषी विचारों को व्यक्त करने के लिए एक बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया गया।
भारतीय तटरक्षक के महानिदेशक राजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप है, जिसमें समावेशी विकास के लिए नवोन्मेषी विचारों को व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहन दिया जाता है। इस अवसर पर महानिदेशक ने नाविक विनोद को ‘उत्तम जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित किया। नाविक विनोद ने 2018 में मुम्बई के गेटवे ऑफ इंडिया के निकट एक महिला को समुद्र में डूबने से बचाया था। नाविक विनोद ने अद्मय साहस का परिचय दिया था। महानिदेशक राजेंद्र सिंह ने कोस्ट गार्ड वेनेवोलेंट एसोसिएशन एप भी लांच किया। इस एप के माध्यम से तटरक्षक वित्तीय सहायता की मांग ऑनलाइन कर सकेंगे। यह एप पेपरलेस ऑफिस और लेन-देन में आसानी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
तटरक्षक सहायक अधिकारी सम्मेलन में जिम्मेदारी, स्वस्थ जीवन के लिए बेहतर दिनचर्या और विशेषकर चक्रवात व बाढ़ के राहत कार्यों के दौरान बेहतर तालमेल के लिए तटरक्षक बल में उभरती हुई तकनीक को शामिल करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। गौरतलब है कि भारतीय तटरक्षक की स्थापना भारतीय समुद्र की सुरक्षा करने के उद्देश्य से 18 अगस्‍त 1978 को संघ के एक स्‍वतंत्र सशस्‍त्र बल के रूपमें की गई थी। इसपर नौसेना की सहायता करने सहित समुद्र और अपतटीय परिसम्पत्तियों का संरक्षण करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। भारतीय तटरक्षक का मुख्यालय नई दिल्ली में है और इसे पांच क्षेत्रों में बांटा गया है, इनमें पश्चिमी क्षेत्र मुख्यालय मुंबई, पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय चेन्नई, उत्तर पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय कोलकाता, अंडमान व निकोबार क्षेत्र मुख्यालय पोर्ट ब्लेयर और उत्तर पश्चिमी क्षेत्रीय मुख्यालय गांधीनगर गुजरात में है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]