स्वतंत्र आवाज़
word map

श्रीगुरु नानक देव की शिक्षाएं अनुसरणीय-मोदी

श्रीगुरु नानक देव की 550वीं जयंती की भव्य तैयारियां शुरू

प्रधानमंत्री ने गृहमंत्री की अध्यक्षता में गठित की समिति

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 20 November 2018 04:47:56 PM

sri guru nanak dev

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और पूरे विश्व में महान संत और सिख धर्म के संस्थापक श्रीगुरु नानक देव जयंती के महत्व को देखते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक राष्ट्रीय क्रियांवयन समिति का गठन किया। उन्होंने कहा है कि श्रीगुरु नानक देव की प्यार, शांति और भाईचारे की अनुसरणीय शिक्षा सर्वव्यापी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि समिति की देखरेख में देश-विदेश में श्रीगुरु नानक देव की 550वीं जयंती से संबंधित समारोहों का भव्य आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय क्रियांवयन समिति के सदस्यों में वित्तमंत्री और संस्कृति राज्यमंत्री भी शामिल हैं। श्रीगुरु नानक देव की 550वीं जयंती मनाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री की अध्यक्षता में राष्ट्रीय क्रियांवयन समिति की तीन बैठकें हो चुकी हैं। तीसरी बैठक 8 नवम्बर को हुई थी, जिसमें संस्कृति राज्यमंत्री डॉ महेश शर्मा, पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बडनोर, केंद्रीय इलेक्ट्रानिक और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री एसएस अहलूवालिया और पंजाब के पर्यटन मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने भाग लिया था।
भारत सरकार ने नवम्बर 2018 से देश और दुनिया में श्रीगुरु नानक देव की 550वीं जयंती मनाने की विभिन्न गतिविधियां प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। विभिन्न मंत्रालय, विभाग और विदेशों में भारतीय मिशन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। श्रीगुरु नानक देव की 550वीं जयंती मनाने के प्रमुख कार्यक्रमों में-वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग तथा डाक विभाग श्रीगुरु नानक देव की स्मृति में सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे। श्रीगुरु नानक देव के जीवन का अधिकांश समय बिताए गए स्थान सुल्तानपुर लोधी को विरासतनगर के रूपमें विकसित किया जाएगा। पंजाब सरकार के सहयोग से आवास तथा शहरी कार्य मंत्रालय तथा पिंड बाबे नानक दा को भी शामिल किया जाएगा। रेल मंत्रालय सुल्तानपुर लोधी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से उन्नत बनाएगा।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय पंजाब में राष्ट्रीय अंतर संप्रदाय अध्ययन संस्थान की स्थापना करेगा, जिसके लिए राज्य सरकार निःशुल्क जमीन उपलब्ध कराएगी। इलेक्ट्रॉनिक तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत में उच्चशक्ति का टेलीस्कोप स्थापित करेगा, ताकि श्रद्धालु पाकिस्तान में करतारपुर साहिब का दर्शन कर सकें। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ब्रिटेन और कनाडा के एक-एक विश्वविद्यालय में श्रीगुरु नानक देव पीठ की स्थापना की करेगा। संस्कृति मंत्रालय नई दिल्ली में श्रीगुरु नानक देव के जीवन और शिक्षा पर अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित करेगा। राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों से श्रीगुरु नानक देव की 550वीं जयंती मनाने के लिए अनुरोध किया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय इसके लिए राज्य सरकारों के साथ समन्वय करेगा। समारोह के हिस्से के रूपमें विदेश में भारतीय मिशन अनेक गतिविधियों का आयोजन करेंगे।
रेल मंत्रालय श्रीगुरू नानक देव से जुड़े स्थानों के लिए रेल गाड़ी चलाएगा। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तरपर कीर्तन, कथा, प्रभात फेरी और लंगर जैसी धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। शिरोमणि गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी गतिविधियों का कलेंडर जारी करेगी और इसे लागू करेगी। मानव संसाधन विकास मंत्रालय शिरोमणि गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग से संगोष्ठियों, कार्यशालाओं और व्याख्यानों का आयोजन किया करेगा। दूरदर्शन श्रीगुरू नानक देव और गुरुबाणी पर लाइव प्रसारण का आयोजन करेगा। राज्यसभा और लोकसभा सचिवालयों से अनुरोध किया गया है कि वे राज्यसभा टीवी और लोकसभा टीवी पर ऐसे लाइव प्रसारण पर विचार करें। मानव संसाधन विकास मंत्रालय का नेशनल बुक ट्रस्ट विभिन्न भारतीय भाषाओं में गुरुवाणी का प्रकाशन करेगा। यूनेस्को से विश्व की भाषाओं में श्रीगुरू नानक देव के पद्य संग्रहों के अनुवाद और प्रकाशन का अनुरोध किया जाएगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]