स्वतंत्र आवाज़
word map

जूनियर हॉकी टीम को पुरस्कार की घोषणा

'हॉकी खिलाड़ी भारत में युवाओं के लिए रोल मॉडल'

जूनियर हॉकी टीम पर भारत को गर्व-खेलमंत्री

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 28 December 2016 10:59:24 PM

vijay goel felicitating the indian junior hockey team

नई दिल्ली। जूनियर हॉकी विश्वकप 2016 का खिताब जीतने वाली भारतीय जूनियर हॉकी टीम के सदस्यों ने हरजीत सिंह के नेतृत्व में युवा मामले और खेल राज्यमंत्री विजय गोयल से उनके निवास पर मुलाकात की। विजय गोयल ने इस मौके पर घोषणा की है कि विजेता टीम के हर खिलाड़ी का व्यक्तिगत रूप से सम्मान किया जाएगा और हर खिलाड़ी को 3.70 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को भारत में युवाओं के लिए रोल मॉडल के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने यह उम्मीद भी जाहिर की कि इनमें से अधिकांश खिलाड़ी भविष्य में सीनियर टीम का हिस्सा बनेंगे और अपने कैरियर में प्रतिष्ठा अर्जित करेंगे।
खेल राज्यमंत्री विजय गोयल ने कहा कि 15 वर्ष के अंतराल के बाद विश्वकप जीतकर भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने जो उपलब्धि हासिल की है, उसके लिए पूरे देश को उस पर गर्व है। जूनियर विश्वकप से पहले एशियन चैंपियंस ट्रॉफी प्रतियोगिता में मिली जीत का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय पुरुषों, महिलाओं और जूनियर हॉकी टीमों को वर्ष 2016 में अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करते हुए देखकर अत्यंत खुशी हुई है। लखनऊ में आयोजित जूनियर हॉकी विश्वकप 2016 में बेल्जियम को 2-1 से हराकर यह टीम जूनियर विश्वकप जीतने वाली दूसरी टीम बन गई है, इससे पहले गगन अजीत सिंह की टीम ने 2001 में इस प्रतिष्ठित खिताब को जीता था और ऐसा भी पहली बार हुआ है कि एक मेजबान देश ने ही कप जीता हो।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]