स्वतंत्र आवाज़
word map

'आकांक्षा' के स्‍कूल में स्वतंत्रता दिवस

बच्चों के सांस्कृतिक प्रदर्शन ‌में दिखीं प्रतिभाएं

अनीता सिंघल ने प्रदान किए स्कूली उपहार

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 17 August 2016 02:25:09 AM

aakaanksha committee, celebrated independence day

लखनऊ। उत्तर प्रदेश आकांक्षा समिति की अध्यक्ष अनीता सिंघल ने स्वतंत्रता दिवस पर बटलर पैलेस कॉलोनी में गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दिलाने हेतु संचालित आकांक्षा विद्या केंद्र में ध्वजारोहण किया। उन्होंने इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गरीब बच्चों के उत्थान हेतु प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियांवयन में समाजसेवी संस्थाओं को अपनी और अधिक भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आकांक्षा समिति गरीब बच्चों का नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कराने हेतु विशेष अभियान चलाकर हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि आकांक्षा समिति की सदस्य अपने दायित्वों का और अधिक बेहतर ढंग से निर्वहन कर गरीब बच्चों के उत्थान हेतु प्रयासरत रहेंगी। आकांक्षा समिति ने जिलों में भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए।
अनीता सिंघल ने आकांक्षा विद्या केंद्र में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को दो जोड़ी नि:शुल्क ड्रेस, बैग एवं मिष्ठान वितरण कर बच्चों का मनोबल बढ़ाया। बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन किया, जिस पर उन्होंने कहा कि निर्धन बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें अच्छा वातावरण एवं मार्गदर्शन देने की है। अनीता सिंघल ने कहा कि उन्हें पूर्ण आशा है कि अध्ययनरत छात्र-छात्राएं अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए और अधिक मेहनत के साथ पढ़ाई कर अपने नाम के साथ-साथ प्रदेश का नाम भी रोशन करेंगी। गौरतलब है कि आकांक्षा समिति प्रदेशभर में राज्य और जिला स्तर पर जनकल्याण की विभिन्न योजनाएं चला रही है। राज्यस्तर पर मुख्य सचिव की पत्नी और जिला स्तर पर जिलाधिकारी की पत्नी या जिलाधिकारी इसकी अध्यक्ष होती हैं। कार्यक्रम में आकांक्षा समिति की वरिष्ठ सदस्य मंजुला जोशी, प्रीति राजशेखर, अन्नू वार्ष्णेय, सिम्मी शर्मा, सीमा गुप्ता, आकांक्षा समिति की शिक्षिकाएं और स्टाफ के लोग उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]