स्वतंत्र आवाज़
word map

जूनियर डॉक्टर हड़ताल न करें-राज्यपाल

राज्यपाल की पहल पर डॉक्टर मुख्यमंत्री से मिले

राज्यपाल ने हड़ताल को दुर्भाग्यपूर्ण बताया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 31 May 2016 07:04:50 AM

governor ram naik

लखनऊ। राज्यपाल राम नाईक ने जूनियर डाक्टरों की हड़ताल के कारण कई लोगों की मृत्यु के बारे में समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए चिकित्सकों से अपील की है कि वे चिकित्सीय कार्य को प्रभावित न होने दें, चिकित्सकों का प्रथम कर्तव्य है कि वे रोगियों का उपचार करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सीय देखरेख के लिए उपलब्ध न होने के कारण रोगी की मृत्यु होना दुर्भाग्यपूर्ण और मानवता के लिए दुःखद है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समुदाय जनहित को ध्यान में रखते हुए हड़ताल पर पुनर्विचार करें।
राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि हड़ताल को वापस लेते हुए संवैधानिक तरीके से वार्ता के जरिए हर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी पत्र भेजकर कहा है कि मामले का निदान करने हेतु अपने स्तर से प्रयास करें। ज्ञातव्य है कि गत 29 मई रात को चिकित्सा छात्रों के एक दल ने राज्यपाल से भेंट की थी और राज्यपाल ने तत्काल मुख्यमंत्री से फोन पर वार्ता करके उन्हें समय देने की बात कही थी। उसके अनुसार छात्रों की दूसरे दिन 30 मई सुबह को मुख्यमंत्री से वार्ता भी हुई थी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]