स्वतंत्र आवाज़
word map

राजनाथ की वाल्मीकि समाज से अपील

राजनाथ सिंह को जिताने के लिए हुईं कई सभाएं

राजनाथ सिंह को साहू समाज का भी समर्थन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 14 April 2014 07:48:54 PM

rajnath singh

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लखनऊ लोकसभा सीट से प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और परंपरा के निर्माण में वंचित समाज के संतो, चिंतकों और विचारकों का मुख्य योगदान है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जैसे महान पुरूषों ने भारत की संस्कृति को परवान चढ़ाया तो डॉ अंबेडकर ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने भाजपा के इस दर्शन को राष्ट्रवादी प्रवाह बताते हुए सरस्वती शिशु मंदिर निराला नगर में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के सम्मेलन में डॉ भीमराव अंबेडकर की स्मृति को सिर झुकाया और इस कार्यक्रम में आए लोगों से मिशन 272 प्लस को पूरा करने की अपील की।
राजनाथ सिंह ने बसपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उसने दलितों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है, दलित वर्ग को वोट बैंक ही माना है और श्रम की प्रतिष्ठा का सम्मान नहीं किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा सामाजिक परिवर्तन व सशक्त भारत के निर्माण के लिए काम कर रही है, हम सभी वर्गो के हित में काम रहे हैं। वरिष्ठ पत्रकार संतोष वाल्मीकि की ओर से उठाई गईं वाल्मीकि समाज की मांगों और समस्याओं से अपने को जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि वे और उनकी पार्टी इन मांगों के साथ है और भाजपा वंचित वर्गों के साथ समान व्यवहार करने की राष्ट्रवाद की अलख जगाने का काम कर रही है। राजनाथ सिंह ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दोहराते हुए भाजपा को वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे चुनाव प्रचार के लिए देश के अन्य राज्यों के दौरे पर रहते हैं, इसलिए लखनऊ का चुनाव आप सबकी जिम्मेदारी है, आप ही प्रत्याशी हैं और आप ही विजेता होंगे।
उन्होंने विभिन्न दलित समूहों के वरिष्ठों का माल्यार्पण कर स्वागत और उन्हें सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सांसद लालजी टंडन, महापौर डॉ दिनेश शर्मा, सदस्य विधान परिषद हृदयनाराण दीक्षित, जयप्रकाश चतुर्वेदी, रामनरेश रावत, मस्तराम, अमित पुरी, रिंकू सोनकर, गौतम चौधरी पार्षद रविकुमार, पार्षद शिवकुमार, विनोद सोनकर सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे। भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य दिवाकर सेठ ने कार्यक्रम का संचालन किया।
राजनाथ को जिताने के लिए कई सभाएं
लखनऊ। मजबूत लोकतंत्र एवं सुशासन स्थापित करने में गैर सरकारी संस्थानों की भूमिका सराहनीय है, ये संगठन गरीबों एवं वंचितों तक पहुंच कर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। ये बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लखनऊ लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने माधव सभागार, निराला नगर में एनजीओ प्रकोष्ठ के कार्यक्रम में कहीं। इस अवसर पर संगठनों ने राजनाथ सिंह को विजयी बनाने की घोषणा की। राजनाथ सिंह का स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। समर्थन कार्यक्रम को लखनऊ के सांसद लालजी टंडन, मेयर डॉ दिनेश शर्मा व अटल बिहारी बाजपेयी के सहयोगी शिवकुमार ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों व गैर सरकारी सहायता समूह के प्रतिनिधि भारी संख्या में शामिल हुए। डॉ भानु मल संयोजक उत्तर प्रदेश नागर समाज अलायंस ने कहा कि नागर समाज की स्वतंत्र प्रकृति बनाए रखने में भाजपा सरकार को पूरी तरह से मदद करनी चाहिए और पूरा प्रयास हो कि नागर समाज को मीडिया जैसी स्वायत्ता हासिल हो। अशोका फेलो अनिल सिंह ने उत्तर प्रदेश में संगठित नागर समाज, संभावनाएं एवं दिशा निर्धारण की आवश्यकता पर बल दिया। इनके अतिरिक्त योगेश कुमार, राकेश द्विवेदी, संतोष सिंह राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य, अवनेश, खुशवंत, अरविंद पांडेय, संजय तिवारी एवं प्रोफेसर एएन सिंह ने अपने विचार भी रखे। कार्यक्रम में सीए प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सहसंयोजक सीए ओपी मिश्र एवं पवन धवन ने राजनाथ सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया। सीए प्रतिनिधियों ने राजनाथ सिंह के भारी मतों से चुनाव जीतने और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने की आशा व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन संदीप शाही प्रदेश संयोजक एनजीओ प्रकोष्ठ भाजपा ने किया।
साहू समाज का समर्थन
राजनाथ सिंह ने हजरतगंज स्थित जेमिनी कांटीनेंटल में साहू समाज के प्रबुद्ध प्रकोष्ठ की बैठक में भी भाग लिया। यहां उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने लखनऊ का नाम रौशन करने के साथ ही पूरी दुनिया में भारत की एक सशक्त छवि पेश की, वर्षों से पड़ोसी चीन भारत के विभिन्न भू-भाग पर अपनी दावेदारी करता था, लेकिन अटल के शासन काल में उसने सीमाओं की दावेदारी छोड़ दी थी। इस अवसर पर प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी व पूर्व सांसद रामनारायण साहू ने कहा कि आजादी के बाद से लेकर आज तक देश में 60 वर्ष तक शासन करने वाली कांग्रेस सरकार ने इस देश के लिए कुछ नहीं किया, हमारा संगठन भाजपा के प्रत्याशियों को पूरा समर्थन करेगा और लखनऊ में राजनाथ सिंह को भारी बहुमत से जिताएंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता रमाशंकर गुप्ता ने किया। इस अवसर पर साहू समाज की राष्ट्रीय महिला महामंत्री साधना साहू, पूर्व पीसीएस अधिकारी व सलाहकार राम लखन गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष रामलाल गुप्ता, प्रदेश महामंत्री अर्चना साहू व प्रदेश के सभी जिलों के पदाधिकारी मौजूद थे। सांसद लालजी टंडन, महापौर डॉ दिनेश शर्मा, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के सहयोगी शिव कुमार भी इस मौके पर उपस्थित थे। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]