स्वतंत्र आवाज़
word map

सिक्किम में शिक्षा दिवस मनाया गया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 11 November 2013 08:50:46 AM

pranab mukherjee

गंगटोक। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने आज एनसीईआरटी के सहयोग से इस वर्ष 11 नवंबर को सिक्किम की राजधानी गंगटोक में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया। मंत्रालय 2008 से राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मना रहा है। यह दिवस महान स्वतंत्रता सेनानी, जाने माने शिक्षाविद् और भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। सन् 2008 में मंत्रालय ने मेवात में शिक्षा दिवस मनाया था।
मुख्य समारोह गंगटोक में आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 40वीं जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय विज्ञान, गणित और पर्यावरण प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस वर्ष प्रदर्शनी का विषय था-‘विज्ञान और समाज’। इसका उद्देश्य समाज में वैज्ञानिक मानसिकता का विकास करना और बच्चों में गणितीय क्षमताओं के विकास को बढ़ावा देना है। प्रदर्शनी में हिस्सा लेने के लिए देशभर से करीब 400 बच्चे सिक्किम पहुंचे।
राज्य सरकारों, मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अंतर्गत नियामकों और स्वायत्त संगठनों सहित अनेक संगठनों ने भी उपयुक्त तरीके से राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया। राष्ट्रीय शिक्षा योजना और प्रशासन विश्वविद्यालय (एनयूईपीए) ने राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर नई दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में मौलाना आजाद स्मॉरक व्याख्यान का आयोजन किया। विश्वविद्यालयों ने सम्मेलनों, निबंध वाद विवाद प्रतियोगिताओं, प्रश्नोत्तरी आदि का भी आयोजन किया। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने भी मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के अवसर पर एक व्याख्यान का आयोजन किया।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के विभिन्न क्षेत्रों से 187 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें से प्रत्येक क्षेत्र से ऐसे दो विद्यार्थियों और दो शिक्षकों का चयन किया गया, जिन्होंने उपेक्षित वर्गों आदि को शिक्षा सुविधाएं पहुंचाने के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया हो। चुने हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को 20,000 रुपये नकद और प्रमाणपत्र से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय संगठनों ने भी राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए। क्षेत्रीय कार्यालयों ने स्कूल स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया, जिनमें प्रथम तीन विजेताओं को पुस्तकों के रूप में पुरस्कार दिए गए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]