स्वतंत्र आवाज़
word map

एशियाई खेलों की पोशाक व खेल किट लॉंच

हमारे एथलीटों के लिए गौरव और पहचान का प्रतीक है-खेल मंत्री

एशियाड के लिए भारत के सबसे बड़े एथलीट दल की भव्य विदाई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 6 September 2023 04:27:24 PM

asian games dress and player kit launched

नई दिल्ली। भारतीय ओलंपिक संघ ने 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चीन के हांगझू में होने वाले एशियाई खेलों की प्रतिस्पर्धाओं में शामिल होने वाले भारतीय दल केलिए एशियाई खेलों की पोशाक और खेल किट का अनावरण कर दिया है। एशियाड केलिए भारत के अबतक के सबसे बड़े एथलीट दल की भव्य विदाई समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और प्रसिद्ध धाविका पीटी उषा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। भारतीय दल का प्रतिनिधित्व भारतीय हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश (पुरुष), सविता पुनिया (महिला), शूटिंग खिलाड़ी मनु भाकर और 2018 एशियाई खेलों के शॉटपुट स्वर्ण पदक विजेता तजिंदरपाल सिंह तूर और कई अन्य प्रतिस्पर्धाओं के खिलाड़ी करेंगे। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी की विशिष्ट रूपसे डिजाइन की गई पोशाक में महिलाओं केलिए खाकी बनावट वाली साड़ी और पुरुष खिलाड़ियों केलिए खाकी कुर्ता शामिल है।
एशियाई खेलों की पोशाक में पुरुष एथलीटों केलिए बंद गला जैकेट और महिलाओं केलिए हाई नेक ब्लाउज को भारतीय रूपांकनों और प्रिंटों के माध्यम से सहज रूपसे सर्वोत्कृष्ट भारतीय परिधानों के रूपमें तैयार किया गया है, जो वैश्विक मंच पर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परिधान कला का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह परिधान अपने डिजाइन में प्रकृति को आत्मसात करते हैं, जो स्थिरता को दर्शाते हैं। इस अवसर पर खेल मंत्री ने कहाकि यह सिर्फ एक यूनिफॉर्म नहीं है, यह हमारे एथलीटों केलिए गौरव और पहचान का प्रतीक है, यह यूनिफॉर्म गर्व केसाथ भारत की आत्मनिर्भरता का प्रतिनिधित्व करती है और देश की विविध विरासत एवं डिजाइन क्षमता को प्रदर्शित करती है। उन्होंने विश्वास जतायाकि भारतीय टीम अपने युवाओं और नए भारत के प्रतिनिधित्व केसाथ ऐतिहासिक प्रदर्शन को सुनिश्चित करते हुए अपने अबतक के सर्वश्रेष्ठ पदकों की संख्या केसाथ स्वदेश लौटेगी। उन्होंने समस्त देशवासियों से अपने युवा खिलाड़ियों केसाथ खड़े होते हुए उनका उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया।
एशियाड दल के खेल परिधान को अधिकारिक प्लेइंग किट भागीदार जेएसडब्ल्यू इंस्पायर ने तैयार किया है और खेल वस्त्र के डिजाइन को कश्मीर के प्रतिभाशाली डिजाइनर आकिब वानी ने तैयार किया है, इन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भी डिजाइन की है। यह देश के विविध कला रूपों से प्रेरित है, जो भारत को परिभाषित करने वाली अद्वितीय विविधता और एकता को प्रतिबिम्बित करने केसाथ-साथ यह भी सुनिश्चित करती हैकि प्रत्येक एथलीट मैदान पर अपने गृहराज्य के वस्त्र का कुछ अंश अपने साथ लेकर जाए। आईओए अध्यक्ष डॉ पीटी उषा ने कहाकि उन्हें आशा हैकि एशियाड दल का प्रत्येक सदस्य भारत को गौरवांवित करने केलिए सर्वोत्तम प्रयास करेगा, उन्होंने कहाकि हमने 2022 एशियाई खेलों केलिए लंबे समय से प्रतीक्षा की है और हमें प्रसन्नता हैकि भारत 634 एथलीटों का अपना सबसे बड़ा दल भेज रहा है और हमारा मानना हैकि एशियाड टीम में भारत को सर्वाधिक पदक दिलाने की क्षमता है।
आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने कहाकि आईओए में हमने अपने एथलीटों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की क्षमता को बनाए रखने और उनकी बेहतर तरीके से देखभाल को सुनिश्चित करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहाकि 33 सदस्यों केसाथ रोइंग में एथलेटिक्स केबाद सबसे बड़ी यूनिट है, जो पदक पर दावा पेश करने केलिए हांगझू जा रही है। इस बीच इस आयोजन की आधिकारिक शुरुआत केसाथ ही 15 सदस्यीय ईस्पोर्ट्स टीम भी एशियाई खेलों में शामिल होगी। वर्ष 2018 में आयोजित एशियाई खेलों के पिछले संस्करण में भारतीय दल ने 16 स्वर्ण सहित कुल 70 पदक जीते थे। जेएसडब्ल्यू इंस्पायर, रिलायंस फाउंडेशन, अदानी स्पोर्ट्सलाइन और सैमसोनाइट-2022 एशियाई खेलों केलिए टीम इंडिया के प्रमुख प्रायोजक हैं, जबकि बोरोसिल, स्केचर्स, अमूल, एसएफए, आईनॉक्स ग्रुप और द लीला पैलेस होटल और रिसॉर्ट्स सहयोगी प्रायोजक और भागीदार के रूपमें जुड़े है।
भारतीय ओलंपिक संघ शासी निकाय है, जो अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति, राष्ट्रमंडल खेल महासंघ, एशिया ओलंपिक परिषद और राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों के संघ का एक संबद्ध सदस्य है। वर्ष 1927 में स्थापित आईओएको युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त है। यह भारत में खेल प्रशासन और एथलीटों के कल्याण के विभिन्न पहलुओं का प्रबंधन करता है और ओलंपिक खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और आईओसी, सीजीएफ, ओसीए और एएनओसी के अन्य अंतर्राष्ट्रीय बहुखेल आयोजनों में भाग लेने वाले एथलीटों या टीमों के प्रतिनिधित्व की देखरेख भी करता है। आईओसी और ओसीए के सदस्य के रूपमें आईओए का प्राथमिक मिशन देश में ओलंपिक खेलों का विकास, प्रचार और सुरक्षा करना है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]