स्वतंत्र आवाज़
word map

योग स्वस्थ जीवन की कुंजी है-उपराष्ट्रपति

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संयुक्तराष्ट्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

उपराष्ट्रपति जबलपुर में सामूहिक योगाभ्यास में शामिल हुए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 21 June 2023 02:47:05 PM

vice president celebrated international yoga day in jabalpur

जबलपुर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज जबलपुर में योगाभ्यासियों संबोधित करते हुए कहा हैकि योग मन, शरीर और आत्मा की एकता को सक्षम और सुदृढ़ करता है। उन्होंने इस संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन को रेखांकित कियाकि योग शून्य बजट वाला हेल्थ इंश्योरेंस है। उपराष्ट्रपति जबलपुर में सामूहिक योगाभ्यास में सम्मिलित हुए। उन्होंने कहाकि योग एक दिन का ही नहीं, बल्कि हर दिन का है। उपराष्ट्रपति ने कहाकि योग किसी व्यक्ति मात्र केलिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता केलिए है, यह वसुधैव कुटुंबकम् की हमारी सांस्कृतिक सोच को परिलक्षित करता है। उन्होंने इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम वसुधैव कुटुंबकम् केलिए योग को इस वर्ष भारत की मेजबानी में जी20 शिखर सम्मेलन की विषयवस्तु एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य के अनुकूल बताते हुए कहाकि यह अवसर विश्वबंधुत्व का संदेश देता है।
योग को विश्व पटल पर स्थापित करने केलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भागीरथ प्रयासों की सराहना करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहाकि 27 सितंबर 2014 को संयुक्तराष्ट्र महासभा के 69वें सत्र में प्रधानमंत्री ने योग की जो अवधारणा विश्व समुदाय के सामने प्रस्तुत की थीकि योग हमारी पुरातन पारंपरिक अमूल्य देन है, योग मन व शरीर, विचार व कर्म, संयम व उपलब्धि की एकात्मता तथा मानव और प्रकृति के बीच सामंजस्य का मूर्तरूप है, वह स्वास्थ्य और कल्याण का समग्र दृष्टिकोण है, यह अवधारणा उसी वर्ष 11 दिसंबर 2014 को इतने कम समय में ही विश्व समुदाय के 193 सदस्य देशों के समर्थन से फलीभूत हुई, जब संयुक्तराष्ट्र ने प्रतिवर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूपमें स्वीकार किया। उपराष्ट्रपति ने 21 जून के महत्व को रेखांकित करते हुए कहाकि सूर्य से निकटतम होने के कारण विश्व के बड़े हिस्से में आज वर्ष का सबसे बड़ा दिन होता है। उन्होंने बताया कि भारतीय समयानुसार शाम 5.30 बजे से 6.30 बजे तक संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के नॉर्थ लॉन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया के 180 देशों के नागरिक योगाभ्यास करेंगे।
उपराष्ट्रपति ने देश के नागरिकों का इस गौरवशाली अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहाकि दुनिया के दृष्टिकोण में भारत केप्रति जो सकारात्मक बदलाव आया है, वो दिखता है। उन्होंने कहाकि आज अनेक लोग योग को अपना कैरियर बना रहे हैं, प्रशिक्षित योग गुरु विश्वभर में भारत के राजदूत के रूपमें योग का प्रशिक्षण और प्रसार कर रहे हैं। भारतीय पारंपरिक विचार पद्धति पहला सुख निरोगी काया का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहाकि योग राष्ट्र की उन्नति में सहायक होगा। इस संदर्भ में उन्होंने हाल के वर्षों में भारत की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहाकि हमारी आर्थिक शक्ति उनसे भी कहीं आगे निकल गई है, जिन्होंने हमपर सदियों राज किया। उन्होंने युवाओं का आह्वान कियाकि भारत बदल रहा है और इस दशक के अंततक हम तीसरी महाशक्ति होंगें। उन्होंने कहाकि 2022 में डिजिटल ट्रांसफर में भारत ने कीर्तिमान स्थापित किया।
अमेरिका, यूके, फ्रांस, जर्मनी के सम्मिलित डिजिटल लेनदेन पर जगदीप धनखड़ ने कहाकि यहांके चार गुना से भी अधिक डिजिटल लेनदेन भारत में हुआ। उन्होंने कहाकि भारतीयता की खासियत हैकि हम स्किल को तुरंत ही सीख लेते हैं, वर्ष 2022 में हमारे 70 करोड़ इंटरनेट उपभोक्ताओं ने प्रति व्यक्ति जितना कंजप्शन किया, वो अमेरिका और चीन से अधिक है। उपराष्ट्रपति ने विश्वास जतायाकि 2047 तक जब देश अपनी आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, हम विश्वगुरु के रूपमें दुनिया के सर्वोच्च शिखर पर होंगे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, पद्मभूषण से सम्मानित रामचंद्र मिशन के अध्यक्ष दाजी कमलेश पटेल, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]