स्वतंत्र आवाज़
word map

मुख्यमंत्री ने किया अयोध्या का भ्रमण

जिलाधिकारी ने विकास कार्यों का प्रस्तुतिकरण दिया

कोविड और विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा हुई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 29 June 2020 03:01:05 PM

chief minister visits ayodhya

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में विकास कार्यों एवं कोविड-19 के बचाव कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा है कि कोविड की चुनौतियां अभी खत्म नहीं हुई हैं, सावधानियां, सजगता एवं बचाव के सभी उपायों का निरंतर पालन करते हुए आर्थिक गतिविधियों को भी तेजी से आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 से खतरा उसी को है, जिसकी समय से पहचान नहीं हो पाई है। अयोध्या के जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जनपद में अब केवल 82 सक्रिय केस हैं। राजर्षि महाराज दशरथ मेडिकल कॉलेज अयोध्या में 86 मरीज भर्ती हैं यहां कुल 526 बेड रिक्त हैं, इसके अलावा कोविड केयर केंद्रों में 1000 अतिरिक्त बेडों की व्यवस्था है। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि अयोध्या में कम्युनिटी किचन के माध्यम से सभी निर्धन, असहाय, जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया है और बाहर से आए सभी श्रमिकों को राशन किट प्रदान की गई हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जुलाई 2020 के प्रथम सप्ताह में होने वाले वृक्षारोपण महाभियान पर 25 करोड़ पौधे रोपित करने का लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रत्येक बूथ तक 10-10 पौधे जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लगवाए जाएं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को पौधे दिए जा रहे हैं, सभी संगठन पौधे रोपित कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी राशन कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिए, पात्र लाभार्थियों के तुरंत राशन कार्ड बनवाए जाएं, किसी को राशन कार्ड के लिए इंतजार न करना पड़े, खाद्यान्न की चोरी रोकी जाए, कोटेदार कार्डधारकों के राशन में किसी प्रकार की कटौती न करने पाएं, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी की मृत्यु पर उसकी अंत्येष्टि के लिए पंचायत निधि से तत्काल सहायता कराई जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या की सुरक्षा की भी समीक्षा की और कहा कि सुरक्षा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या के विकास कार्यों में कोई अवरोध हो तो तत्काल मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर सूचित करें, जिससे विकास कार्य तेज गति से हो सकें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान देने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, चोरी-डकैती आदि की घटनाओं के दृष्टिगत पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, प्लास्टिक के विरुद्ध अयोध्या में विशेष अभियान चलाएं, गौकशी, गौतस्करी, कच्ची शराब कड़ाई से रोकी जाए। उन्होंने वर्षाकाल के मद्देनज़र बाढ़ रोकने की तैयारियों पर जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बाहर से आए श्रमिकों एवं कामगारों को रोज़गार उपलब्ध कराने की भी समीक्षा की, जिससे सभी को रोज़गार मिल सके। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस की ज्वाइंट टीम मौके पर जाकर विवादों का प्रभावी निस्तारण कराए।
मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल पहुंचकर ओपीडी संचालन, इमरजेंसी व्यवस्था, वार्डों की स्थिति का जायजा लिया और भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में जिला प्रशासन से विकास कार्यों की जानकारी ली। बैठक में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के समक्ष अयोध्या धाम के विकास कार्यों की अद्यतन प्रगति रानी हो पार्क, रामकथा गैलरी, राम की पौड़ी के शेष कार्यों, लक्ष्मण घाट, बस स्टेशन, पेयजल, अयोध्या सीवेज आदि योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया। मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की भूमि और मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के कोविड वॉरियर्स का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने नक्षत्र वाटिका में रीठे का वृक्ष रोपित किया, नक्षत्र वाटिका में 27 प्रकार के पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]