स्वतंत्र आवाज़
word map

नौसेनाध्यक्ष ने देखा एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर

एनसीसी कैडेटों ने नौसेना प्रमुख को पेश किया गार्ड आफ ऑनर

राष्ट्र निर्माण में एनसीसी के महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा की

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 20 January 2020 04:30:50 PM

admiral karambir singh inspecting the different models at display, at the ncc republic day camp

नई दिल्ली। नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने आज नई दिल्ली में करियप्पा परेड ग्राउंड में नेशनल कैडेट कोर गणतंत्र दिवस शिविर-2020 का दौरा किया। एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट राजीव चोपड़ा ने नौसेना प्रमुख की अगवानी की। सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़े हुए एनसीसी कैडेटों ने नौसेना प्रमुख को गार्ड आफ ऑनर पेश किया। इसके बाद बैंड का प्रदर्शन किया गया। एडमिरल करमबीर सिंह ने सभी 17 एनसीसी महानिदेशालयों के कैडेटों के तैयार फ्लैग एरिया का भी निरीक्षण किया, जहां विभिन्न सामाजिक जनजागरण विषयों को दर्शाया गया है। नौसेना के विभिन्न पोतों की अनुकृतियां भी यहां रखी गई हैं।
नौसेनाध्यक्ष ने ‘हॉल ऑफ फेम’ का भी दौरा किया, इसके तहत एनसीसी के पुराने कैडेटों की तस्वीरें, अनुकृतियां, प्रेरक और देखने लायक वस्तुओं को दर्शाया गया है। ये सभी एनसीसी की तीनों शाखाओं से सम्बंधित हैं। इनके जरिए एनसीसी का समृद्ध संकलन पेश किया गया है। नौसेना प्रमुख ने समृद्ध भारतीय संस्कृति को दर्शाने वाले सांस्कृतिक प्रदर्शन का भी अवलोकन किया, यह कार्यक्रम कैडेटों ने पेश किया था। एडमिरल करमबीर सिंह ने शानदार गार्ड ऑफ ऑनर पेश करने के लिए कैडेटों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं का प्रमुख संगठन है, जो युवाओं को प्रेरित करता है और उन्हें शक्तिसम्पन्न बनाता है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में एनसीसी के योगदान तथा आपदाओं के समय एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लम्बे समय तक चलने वाली और जोखिमपूर्ण समुद्री गतिविधियों में एनसीसी के कैडेटों की भागीदारी और उनके प्रयासों की भी सराहना की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]