स्वतंत्र आवाज़
word map

विदर्भ में लौह कालीन बस्‍ती होने के प्रमाण

भारतीय पुरातत्व विभाग का फूपगांव में गहन सर्वेक्षण

लौह युगीन लोगों के बारे में हैं महत्वपूर्ण जानकारियां

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 23 August 2019 01:52:47 PM

evidence of iron carpet settlement in phupgaon, maharashtra

फूपगांव (महाराष्ट्र)। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को महाराष्ट्र के फूपगांव में उत्खनन में विदर्भ क्षेत्र में लौह कालीन बस्‍ती होने के प्रमाण मिले हैं। इस स्‍थल पर खुदाई दिसंबर 2018 और मार्च 2019 के बीच की गई थी। एएसआई की टीम ने महाराष्ट्र के अमरावती जिले के फूपगांव के चंदर बाज़ार से पूर्णा बेसिन के दरियापुर के बीच के क्षेत्र में गहन सर्वेक्षण किया। यह स्थल तापी की प्रमुख सहायक नदी पूर्णा नदी के विशाल घुमावदार मार्ग में है, जो बारहमासी नदी हुआ करती थी, लेकिन वर्तमान में ऊपरी धारा में बांध का निर्माण हो जाने के कारण पूरी तरह सूख चुकी है। यह स्थल नदी के तल से लगभग 20 मीटर की दूरी पर है और पुराने जमाने में पानी की तेज धार के कारण इसके एक तिहाई हिस्से में बार-बार भूमि कटाव होता था।
भारतीय पुरातत्व विभाग ने कुल 9 खाइयों में खुदाई की, जिनमें मकान और चूल्हा, पोस्ट-होल और कलाकृतियों जैसे अवशेष मिले। खुदाई के दौरान 4 पूर्ण गोलाकार संरचनाएं मिली। उत्खनन से एगेट-कारेलियन, जैस्पर, क्वार्ट्ज और एगेट जैसे मोतियों का भी पता चला, सभी खाइयों से लोहे, तांबे की वस्तुएं एकत्रित की गई हैं, बर्तनों के टूटे हुए टुकड़ों पर बड़ी मात्रा में भित्तिचित्रों के निशान मिले हैं। एएसआई का मानना है कि फूपगांव में खुदाई ने पूर्णा नदी बेसिन के लौह युगीन लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की है। कालक्रमानुसार इस स्‍थान को 7 ईसा पूर्व और 4 ईसा पूर्व के बीच रखा जा सकता है। हालांकि विदर्भ के लौह युग के और पहलुओं को उजागर करने के लिए इस स्‍थल का कालक्रम के अनुसार विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]