स्वतंत्र आवाज़
word map

'भारत दीर्घकालिक विकास लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध'

वाणिज्य मंत्री का दक्षिण-दक्षिण व त्रिकोणीय सहयोग पर संवाद

'सभी सदस्य देश विश्व व्यापार संगठन के सुधारों को अपनाएं'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 23 August 2019 12:49:14 PM

programme of south-south and triangular cooperation, in new delhi

नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि विश्वभर में मुक्त व्यापार पर विपरीत प्रभाव डालने वाली कुछ विकसित देशों की संरक्षणवादी और एकपक्षीय प्रभाव वाली नीति से मुकाबला करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि यदि ये नीतियां जारी रहीं तो विश्वभर में मंदी आएगी और कोई भी देश इससे अछूता नहीं रहेगा। पीयूष गोयल नई दिल्ली में दक्षिण-दक्षिण और त्रिकोणीय सहयोग पर अंतर्राष्ट्रीय संवाद को संबोधित कर रहे थे। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि सभी सदस्य देशों को विश्व व्यापार संगठन के सुधारों को अपनाना होगा और इसे अलग-अलग रूपसे लागू नहीं किया जा सकता है।
वाणिज्य मंत्री ने कहा कि हम वर्तमान प्रणाली से दूर नहीं हो सकते, बल्कि सभी डब्ल्यूटीओ सदस्य देशो को मुक्त व्यापार के लिए आवश्यक नियमों पर आधारित पारदर्शी और भेदभाव से दूर सुशासन को ईमानदारी से लागू करना होगा, हमें असमान जीडीपी वाले विभिन्न सदस्य देशों के हितों का भी ध्यान रखना होगा। पीयूष गोयल ने कहा कि कुछ विकसित देशों की संरक्षणवाद की नीतियां विभिन्न देशों के मध्य सामान के व्यापार, सेवाओं और निवेश की सुरक्षा को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विश्वभर के 7 बिलियन लोगों की बेहतर जीवन के लिए आशा को रोका नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत दीर्घकालिक विकास लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध है और उसे विश्वास है कि लोगों की आशाओं को 2030 तक रोका नहीं जा सकता है।
वाणिज्य मंत्री ने कहा कि भारत अपने नागरिकों को ऊर्जा, साक्षरता और पेयजल तक पहुंच देने के लिए 2030 तक का इंतजार नहीं करेगा, भारत अंतिम पायदान पर बैठे नागरिक तक दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों को पहुंचाने के लिए तेजी से प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की इच्छा है कि विकास की यह गति शेष दुनिया तक भी पहुंचे। उन्होंने आशा व्यक्त कि दक्षिण-दक्षिण और त्रिकोणीय सहयोग विकासशील देशों की विकसित देशों के विकास एजेंडा का हिस्सा बनने में सहयोग करेगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]