राष्ट्रपति का शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर शुभकामना संदेश
डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के अनुकरणीय योगदान को याद कियास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 4 September 2026 06:18:10 PM
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आज देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके नाम संदेश में कहा हैकि शिक्षक ऐसी प्रबुद्ध पीढ़ियों का निर्माण करें, जो देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। उन्होंने कहाकि शिक्षक अपने मार्गदर्शन और सहयोग से विद्यार्थियों की प्रतिभा में निखार लाते हैं, उन्हें चरित्रवान बनाते हैं और उन्हें देश समाज एवं स्वयं के उज्जवल जीवन केलिए प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहाकि शिक्षक का दायित्व हैकि वह विद्यार्थी को एक अच्छे व्यक्तित्व में रूपांतरित करे, एक समर्पित और संवेदनशील शिक्षक विद्यार्थियों की विशिष्ट क्षमता की पहचान करता है, उनके लिए प्रेरणास्रोत बनता है और उन्हें अपने कार्यों में उत्कृष्टता हासिल करने में समर्थ बनाता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षकों को अपने प्रेरक संदेश में कहाकि प्रौद्योगिकी को अपनाते हुए उन्हें निरंतर ज्ञान अर्जित करते रहना चाहिए और शिक्षण की नवीन पद्धतियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहाकि विद्यार्थियों में स्वतंत्र सोच को प्रोत्साहित करने केसाथ-साथ उन्हें विद्यार्थियों में जिज्ञासा का भाव भी विकसित करना चाहिए। राष्ट्रपति ने शिक्षा और दर्शन में भारत के दूसरे राष्ट्रपति रहे डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के अनुकरणीय योगदान को याद करते हुए उनको महान लेखक, विद्वान, दार्शनिक, राजनेता और अतुल्य शिक्षक बताया, जिनका भारत के शैक्षिक और राजनीतिक परिदृश्य पर आजभी गहरा प्रभाव है। राष्ट्रपति ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और समर्पित शिक्षकों केप्रति आभार भी व्यक्त किया।