स्वतंत्र आवाज़
word map

डॉ पद्मा गुरमेत लद्दाख राज्य पुरस्कार से सम्मानित

सोवा-रिग्पा प्रणाली के संरक्षण, संवर्धन व विकास में अनुकरणीय योगदान

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सराहा व सम्मानित किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 13 August 2026 06:31:31 PM

dr. padma gurmet honored with the ladakh state award.

लेह। राष्ट्रीय सोवा-रिग्पा संस्थान लेह के निदेशक डॉ पद्मा गुरमेत को लद्दाख में सोवा-रिग्पा चिकित्सा प्रणाली के संरक्षण, संवर्धन और विकास में उनके अनुकरणीय योगदान केलिए वर्ष 2025 का केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख राज्य पुरस्कार प्रदान किया गया है। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने केंद्रशासित प्रदेश राज्य पुरस्कार समारोह में उन्हें सम्मानित किया। समारोह में वर्ष 2022-2025 के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान और अनुकरणीय सेवाओं केलिए 36 विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहाकि ये पुरस्कार उन व्यक्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से दिए जाते हैं, जिनकी निष्ठा, उत्कृष्टता और सेवा ने समाज पर सार्थक प्रभाव डाला है।
लद्दाख के उपराज्यपाल ने युवा पीढ़ी को उत्कृष्टता प्राप्त करने और केंद्रशासित प्रदेश के कल्याण और विकास में सकारात्मक योगदान देने केलिए प्रेरित किया। उन्होंने कहाकि डॉ पद्मा गुरमेत को मिला यह सम्मान राष्ट्रीय सोवा-रिग्पा संस्थान केलिए अत्यंत गर्व की बात है और लद्दाख की समृद्ध पारंपरिक ज्ञान तथा स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों में से एक सोवा-रिग्पा के संरक्षण, संवर्धन और उन्नति की दिशा में उनके निरंतर प्रयासों की एक महत्वपूर्ण स्वीकृति है। लेह स्थित राष्ट्रीय सोवा-रिग्पा संस्थान के संकाय, कर्मचारियों और छात्रों ने डॉ पद्मा गुरमेत को इस प्रतिष्ठित सम्मान पर हार्दिक बधाई दी और सोवा-रिग्पा के विकास और उन्नति केप्रति उनकी समर्पित सेवाओं में निरंतर सफलता की शुभकामना की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]