स्वतंत्र आवाज़
word map

'द डायरी ऑफ मनु गांधी' का विमोचन

पुस्‍तक में गांधीवादी अध्ययन व आधुनिक भारत

संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री ने किया विमोचन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 23 August 2019 01:46:16 PM

prahalad singh patel launching the diary of manu gandhi

नई दिल्ली। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने नेहरू स्‍मारक संग्रहालय एवं पुस्‍तकालय के सभागार में एक समारोह में 'द डायरी ऑफ मनु गांधी' (1943-44) पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्‍तक महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस के सहयोग से प्रकाशित की है। राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने इस अवसर पर कहा कि डायरी लेखन की कला किसी व्यक्ति के स्वत: अनुशासन की सर्वोच्च सीमा होती है और डायरी लेखन की प्रवृत्ति एक साधारण व्यक्ति को विशेष व्यक्ति में परिवर्तित करती है। उन्होंने डायरी ऑफ मनु गांधी के अंग्रेजी में अनुवाद के लिए राष्ट्रीय अभिलेखागार, डॉ त्रिदीप सुह्रद और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस के प्रयासों की सराहना की।
संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री ने कहा कि इस अनुवाद से संपूर्ण विश्व को डायरी ऑफ मनु गांधी से महात्मा गांधी के जीवन को जानने में सहायता मिलेगी। उन्होंने राष्ट्रीय अभिलेखागार से डायरी ऑफ मनु गांधी को अन्य भारतीय भाषाओं में अनुवाद करने का अनुरोध भी किया, जिससे इस पुस्तक की ख्याति पूरे भारत में फैल सके। द डायरी ऑफ मनु गांधी मूल रूपसे गुजराती में संपादित की गई है और इसका अनुवाद जाने-माने विद्वान डॉ त्रिदीप सुह्रद ने किया है। पहला खंड 1943-1944 की अवधि को कवर करता है। मनु गांधी (मृदुला) महात्‍मा गांधी के भतीजे जयसुखलाल अमृतलाल गांधी की बेटी थीं, जो गांधीजी की हत्या होने तक उनके साथ रहीं। वह 1943 में आगा खान पैलेस में कारावास के दौरान कस्तूरबा गांधी की सहयोगी थीं। यह पुस्‍तक गांधीवादी अध्ययन और आधुनिक भारत के इतिहास में रुचि रखने वाले विद्वानों के लिए बहुत लाभदायक होगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]