स्वतंत्र आवाज़
word map

यूपी को मिला जेम ओवरऑल एक्सीलेंस अवार्ड

जेम पर सरकारी खरीद में बेहतरीन प्रदर्शन, ₹1 लाख करोड़ की खरीद

जेम के स्थापना दिवस पर एमएसएमई उद्यमियों को किया गया सम्मानित

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 11 August 2026 06:36:20 PM

up receives gem overall excellence award

लखनऊ/ नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश सरकार ने गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस ‘जेम’ डिजिटल मंच पर सरकारी खरीद में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2017 में जेम की शुरुआत केबाद से प्रदेश ने इसके माध्यम से ₹1 लाख करोड़ से अधिक की खरीद कर ली है। देश के सभी राज्यों की जेम के जरिए हुई कुल खरीद में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत से अधिक है। इसी शानदार प्रदर्शन केलिए प्रदेश को जेम के 10वें स्थापना दिवस पर एकसाथ तीन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। भारत मंडपम नई दिल्ली में आज जेम के 10वें स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 'जेम ओवरऑल एक्सीलेंस अवार्ड', 'हाईएस्ट जीएमवी सिंस इनसेप्शन' और 'बेस्ट आउटरीच इनिशिएटिव्स फॉर कैपेसिटी बिल्डिंग' से उत्तर प्रदेश को सम्मानित किया।
गौरतलब हैकि उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन सिर्फ खरीद के आंकड़े तक सीमित नहीं रहा। एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की खरीद 30 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी और तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिलकर बताते हैंकि प्रदेश ने जेम को सरकारी खरीद की व्यवस्था में प्रभावी तरीके से अपनाया है। इससे खरीद में पारदर्शिता बढ़ी है और छोटे उद्यमियों, महिला कारोबारियों एवं स्टार्टअप्स केलिए सरकारी बाजार में अपनी जगह बनाने के अवसर भी बढ़े हैं। जेम केसाथ उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभावी समन्वय ने सरकारी खरीद में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने केसाथ गुड गवर्नेंस की दिशा में भी एक मजबूत उदाहरण प्रस्तुत किया है। जेम के 10वें स्थापना दिवस पर मिले ये तीनों राष्ट्रीय पुरस्कार उत्तर प्रदेश की इसी उपलब्धि की पहचान हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार में सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के प्रमुख सचिव शशिभूषण लाल सुशील ने ये पुरस्कार ग्रहण किए। तीन अलग-अलग श्रेणियों में मिला यह सम्मान जेम पर उत्तर प्रदेश के लगातार बेहतर प्रदर्शन की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। उत्तर प्रदेश को मिला जेम ओवरऑल एक्सीलेंस अवार्ड जेम पर प्रदेश के समग्र प्रदर्शन केलिए है। हाईएस्ट जीएमवी सिंस इनसेप्शन पुरस्कार जेम की स्थापना से अबतक प्रदेश की ₹1 लाख करोड़ से अधिक की खरीद को दर्शाता है, वहीं बेस्ट आउटरीच इनिशिएटिव्स फॉर कैपेसिटी बिल्डिंग पुरस्कार जेम के बारेमें लोगों को जागरुक करने, प्रशिक्षण देने और अधिक से अधिक विभागों, अधिकारियों तथा कारोबारियों को इससे जोड़ने के प्रयासों केलिए मिला है। प्रमुख सचिव ने बतायाकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में जेम पर उत्तर प्रदेश की बढ़ती खरीद का फायदा सरकारी विभागों केसाथ प्रदेश के कारोबारियों और उद्यमियों को भी मिला है।
शशिभूषण लाल सुशील ने कहाकि सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों, महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उद्यमों और स्टार्टअप्स को सरकारी खरीद में भाग लेने केलिए बेहतर अवसर मिले हैं। शशिभूषण लाल सुशील ने कहाकि छोटे कारोबारियों केलिए सरकारी बाजार तक पहुंच आसान हुई है और वे अपने उत्पाद एवं सेवाएं सीधे सरकारी संस्थाओं के सामने रख पा रहे हैं। उन्होंने कहाकि जेम के जरिए खरीदारी होने से सरकारी विभागों के सामने अलग-अलग विक्रेताओं और उत्पादों के विकल्प उपलब्ध हुए हैं। उन्होंने कहाकि इससे खरीद प्रक्रिया अधिक खुली और प्रतिस्पर्धी हुई है, वहीं विक्रेताओं केलिए भी सरकारी संस्थाओं तक पहुंचने का एक समान मंच तैयार हुआ है। उन्होंने बतायाकि उत्तर प्रदेश में जेम के इस्तेमाल को बढ़ाने केसाथ अधिकारियों, विभागों और कारोबारियों को इसकी प्रक्रिया समझाने केलिए प्रशिक्षण और जागरुकता कार्यक्रम भी चलाए गए हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]