प्रधानमंत्री ने दीं 17900 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की प्रशंसास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 1 August 2026 05:20:03 PM
विजयनगरम (आंध्र प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में अविश्वसनीय गति से प्रगति केलिए मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की खूब प्रशंसा की। प्रधानमंत्री आज विजयनगरम जिले के भोगपुरम में 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटनकर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। स्वर्ण आंध्र की परिकल्पना के अपार महत्व को उजागर करते हुए प्रधानमंत्री ने भगवान वराह लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी, कुर्मनाथ स्वामी और माता पायदिथल्ली अम्मावरु को गहरी श्रद्धा अर्पित की। नरेंद्र मोदी ने कहाकि आज उत्तर आंध्रप्रदेश की भूमि पर इस महत्वपूर्ण अवसर का साक्षी बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री ने कहाकि हवाईअड्डे के बुनियादी ढांचे, सड़क संपर्क और ऊर्जा सुरक्षा सहित ये बहुक्षेत्रीय पहलें राज्य की तीव्र प्रगति का सटीक प्रतीक हैं। नरेंद्र मोदी ने कहाकि ये विकासकार्य आंध्र प्रदेश में अविश्वसनीय गति से प्रगति के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री ने कहाकि आजका दिन पारंपरिक धिमसा नृत्य के शानदार सांस्कृतिक विश्वरिकॉर्ड केलिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जो एक नया इतिहास रचने और कई क्षेत्रों में नए रिकॉर्ड स्थापित करने के बारेमें है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेरह हजार से अधिक आदिवासी बहनों और बेटियों के शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उनके अद्भुत उत्साह और अनुशासन की प्रशंसा की और कहाकि यह जीवंत प्रदर्शन देश की समृद्ध विविधता व गहराई से संरक्षित स्वदेशी विरासत को खूबसूरती से दर्शाता है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि यह आदिवासी संस्कृति के गौरव का एक भव्य और अविस्मरणीय दृश्य था। अल्लूरी सीताराम राजू की वीरतापूर्ण विरासत और आदिवासी कल्याण केप्रति उनके आजीवन समर्पण को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रधानमंत्री ने नवनिर्मित हवाईअड्डे को क्षेत्रीय विकास का महत्वपूर्ण मार्ग और युवाओं के समृद्ध भविष्य का एक सशक्त लॉंचपैड बताया। उन्होंने कहाकि नए विमानन केंद्र का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर रखा गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि यह श्रद्धांजलि इस हवाईअड्डे से गुजरने वाले प्रत्येक यात्री के मन में राष्ट्रीय कर्तव्य की गहरी भावना का संचार करेगी। नरेंद्र मोदी ने कहाकि इस हवाईअड्डे से यात्रा करने वाला प्रत्येक नागरिक अल्लूरी सीताराम राजू के नामसे जनसेवा और राष्ट्रीय सेवा केलिए प्रेरणा प्राप्त करेगा।
नागरिक उड्डयन क्षेत्र में हुए असाधारण परिवर्तन का वर्णन करते हुए प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 में कार्यरत मात्र चौहत्तर हवाई अड्डों की तुलना वर्तमान में एक सौ छियासठ हवाईअड्डो से की और मौजूदा प्रशासन के तहत छोटे शहरों के आम नागरिकों केलिए हवाई यात्रा के लोकतंत्रीकरण का जश्न मनाया। नरेंद्र मोदी ने कहाकि आज आम लोग आराम से हवाई यात्रा कर रहे हैं, जो उस दौर से एक बड़ा बदलाव है, जब हवाई यात्रा केवल बड़े महानगरों तकही सीमित थी। प्रधानमंत्री ने काशी में 'स्पोक एयरपोर्ट' मॉडल का जिक्र किया, जिसका अब अमृतसर तक विस्तार हो चुका है, जिससे अमृतसर पच्चीस से अधिक अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों से जुड़ गया है। नरेंद्र मोदी ने खुशी व्यक्त कीकि आंध्र प्रदेश के विकास एजेंडे को दोगुनी गति से क्रियांवित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने विशाखापत्तनम से कृष्णापटनम तक फैले ऐतिहासिक बंदरगाहों के आधुनिकीकरण, मुलापेटा और रामायपटनम में नए समुद्री केंद्रों के निर्माण से पूरे तटीय क्षेत्र को एक एकीकृत आर्थिक गलियारे में बदलने की महत्वाकांक्षी परिकल्पना प्रस्तुत की। उन्होंने कहाकि हमारी रणनीतिक परिकल्पना इस पूरे क्षेत्र को एक समृद्ध तटीय आर्थिक गलियारे के रूपमें व्यापक रूपसे विकसित करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यभर में तेजीसे बन रहे घने राजमार्ग और एक्सप्रेसवे नेटवर्क पर प्रकाश डाला और विशाखापत्तनम-रायपुर एक्सप्रेसवे जैसी प्रमुख धमनियों को क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण उत्प्रेरक बताया। नरेंद्र मोदी ने कहाकि ये एक्सप्रेसवे परियोजनाएं मूल रूपसे इस पूरे भौगोलिक क्षेत्र को अभूतपूर्व गति प्रदान कर रही हैं। उन्होंने इस क्षेत्र को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों से निर्बाध रूपसे जोड़ने की तत्काल आवश्यकता पर जोर देते हुए घोषणा कीकि लगभग एक लाख करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं वर्तमान में चल रही हैं, जिनमें संपूर्ण नेटवर्क का विद्युतीकरण और सत्तर से अधिक स्टेशनों का आधुनिकीकरण शामिल है। नरेंद्र मोदी ने रेल, बंदरगाह और हवाई अवसंरचना को एकीकृत करने में पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया, जिससे अंततः रसद को बेहतर बनाया जा सकेगा, स्थानीय किसानों को सशक्त बनाया जा सकेगा और व्यापार करने में आसानी को उल्लेखनीय रूपसे बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहाकि एकबार यह आधुनिक रसद नेटवर्क पूरी तरह से तैयार हो जाने पर यह उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और हमारे किसानों को बहुत लाभ पहुंचाएगा और 'व्यापार करने में आसानी' में भी सुधार होगा।
प्रधानमंत्री ने राज्य की दूरदर्शी नवाचार की ऐतिहासिक प्रवृत्ति की प्रशंसा करते हुए सॉफ्टवेयर और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं के वैश्विक प्रभुत्व की सराहना की और क्षेत्रीय विकास केलिए इस अविश्वसनीय प्रतिभा भंडार का सीधे उपयोग करने केलिए सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया। प्रधानमंत्री ने युवा प्रतिभा को देश में ही बनाए रखने और उसका सदुपयोग करने की परम आवश्यकता पर जोर देते हुए भविष्योन्मुखी तकनीकी उद्योगों की ओर ध्यान केंद्रित किया और विशाखापत्तनम में नए सेमीकंडक्टर संयंत्र की आधारशिला रखने को इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। नरेंद्र मोदी ने एक क्रांतिकारी औद्योगिक परिवर्तन की परिकल्पना करते हुए कहाकि राज्य अपनी सॉफ्टवेयर दक्षता केसाथ एक सशक्त विनिर्माण केंद्र के रूपमें सहजता से विकसित होगा, जिससे भविष्योन्मुखी रोज़गार के अवसरों का एक बिल्कुल नया तंत्र उत्पन्न होगा। नरेंद्र मोदी ने कहाकि यह रणनीतिक विकास राज्यभर में तकनीकी उद्योगों केलिए भविष्योन्मुखी रोज़गार और नया वातावरण सृजित करेगा। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कियाकि एक व्यापक सहायक वातावरण के बिना केवल कारखाने पर्याप्त नहीं हैं, मुख्यमंत्री के अथक व्यक्तिगत प्रयासों के फलस्वरूप राज्य में इस प्रकार का वातावरण तैयार किया जा रहा है और यह दिन-रात की मेहनत का ही परिणाम हैकि कई बड़ी वैश्विक कंपनियां अब यहां निवेश करने केलिए उत्सुक हैं।
उन्नत तकनीकी अवसंरचना पर प्रधानमंत्री ने एआई और डेटा केंद्रों में हो रहे समवर्ती विकास पर प्रकाश डाला और गूगल के घोषित पंद्रह अरब डॉलर के विशाल कैंपस का विशेष रूपसे उल्लेख किया। उन्होंने इसे वैश्विक स्तरपर अपार रुचि का स्पष्ट संकेत बताया, जिससे स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष लाभ होगा। नरेंद्र मोदी ने कहाकि कई और वैश्विक कंपनियां यहां अविश्वसनीय नई संभावनाएं देख रही हैं, जिनसे राज्य और देश के युवाओं को भरपूर लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने नक्कापल्ली में नए फार्मा पार्क केलिए केंद्र सरकार के पर्याप्त समर्थन की ओर इशारा किया, जिससे राज्य एक अग्रणी राष्ट्रीय दवा केंद्र बनने की राह पर है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि अकेले रायलसीमा क्षेत्रमें ही पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित हुआ है। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त कियाकि आज शुरू की गईं असंख्य परियोजनाएं स्वर्ण आंध्र और विकसित भारत के संकल्पों को पूरा करने में आधारभूत स्तंभ के रूपमें काम करेंगी। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के गवर्नर अब्दुल नजीर, गोवा के गवर्नर अशोक गजपति आरोही, नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, चंद्रशेखर पेमसानी, भूपति श्रीनिवास वर्मा, राज्य सरकार के मंत्री नरेश लोकेश और देश-विदेश की कंपनियों के प्रमुख उपस्थित थे।