|

 |
|
|
'यूपी में महिलाओं पर बरसती हैं लाठियां'
लखनऊ।
विधानसभा मे नेता विरोधी दल शिवपाल सिंह यादव ने समाजवादी
पार्टी के प्रकोष्ठ कार्यालय में समाजवादी महिला सभा की जिला,
महानगर अध्यक्षों की बैठक में कहा है कि प्रदेश में महिलाओं के
लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है और अपने हक की आवाज़
उठाने पर उन्हें लाठियों से पीटा जाता है। बसपा की मुख्यमंत्री
को महिलाओं से नफरत है, उनके रहते दलित महिलाएं भी सुरक्षित
नहीं हैं। दबंग उनको घरों से बेदखल कर रहे हैं और बलात्कार के
मामलों में कहीं कोई सुनवाई नहीं होती है, प्रदेश में चारों
तरफ भ्रष्टाचार व्याप्त है सो अलग। उन्होंने आरोप लगाया कि इस
मामले पर केंद्र सरकार की चुप्पी शर्मनाक है।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी
विधानसभा चुनावों में महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा टिकट देगी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी आन्दोलन में महिलाओं की भूमिका बहुत
महत्वपूर्ण है, उन्हें संकल्प लेना चाहिए कि वे आगामी विधानसभा
चुनावों में राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनवाएंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी में गुटबंदी के लिए कोई
स्थान नहीं है और महिलाओं की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की
जाएगी।
नेता विरोधी दल ने कहा कि मंहगाई और भ्रष्टाचार से सबसे
ज्यादा प्रभावित महिलाएं ही होती हैं। उत्तर प्रदेश में आवश्यक
खाद्य वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। महिलाओं की इज्जत से
खिलवाड़ हो रहा है, पर मुख्यमंत्री को किसी पीड़ित महिला से
मिलना पसंद नहीं है। समाजवादी पार्टी की सरकार के समय
छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति, यूनीफार्म, पाठ्य पुस्तकें
देने के साथ कन्या विद्याधन योजना, वृद्ध महिलाओं को पेंशन आदि
की सुविधा दी गई थी। बसपा सरकार ने ये सारी योजनाएं रोक दी
हैं। इनकी जगह वह करोड़ों रूपए पार्को, स्मारकों एवं अपनी
प्रतिमाएं लगाने पर फूंक रही है। पत्थर लगाकर शहर का पर्यावरण
बिगाड़ रही है।
उन्होंने कहा कि इन सब कामों में लगे मंत्रियों एवं
अफसरों पर सपा की सरकार बनने पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक की
अध्यक्षता महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष लीलावती कुशवाहा ने की।
बैठक को सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी, महिला सभा की
कोषाध्यक्ष परवीन अय्यूब, शारदा सिंह, और दीपक मिश्र ने भी
सम्बोधित किया। सभा में दो मिनट का मौन रखकर छोटे लोहिया
जनेश्वर मिश्र को श्रद्धांजलि दी गयी।
|
|
|