
देहरादून। उत्तराखंड राज्य के
वरिष्ठ नौकरशाह सुभाष कुमार ने सोमवार को प्रदेश के आठवें
मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। मुख्य सचिव पद
का कार्यभार ग्रहण करने के दौरान निवर्तमान मुख्य सचिव एनएस
नपलच्याल ने उन्हें बधाई दी। मुख्य सचिव सुभाष
कुमार ने इस मौके पर कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिवों ने
विकास के लिये जो लक्ष्य तय किये हैं उन्हें प्राथमिकता से
पूरा किया जाएगा।
मुख्य सचिव सुभाष कुमार ने कहा कि
विकास के मामलों में पूरे देश के लिये जो मानक हैं वह पर्वतीय
दूरस्थ क्षेत्रों की भौगोलिकता के अनुरूप नहीं होते हैं इसलिए
इन मानकों में बदलाव की आवश्यकता है। पहाड़ में कोई भी निर्माण
हो तो उसमें भी अपेक्षाकृत अधिक श्रम, धन और समय व्यतीत होता
है। इसलिए पर्वतीय क्षेत्रों के लिये विकास के मानकों में
बदलाव के लिये सभी हिमालयी राज्यों की विकास नीति बनाने के
लिये पहल करनी होगी, जिसके प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने नई
कार्य संस्कृति के अनुरूप कार्य प्रणाली में गति प्रदान करने
की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सुभाष कुमार ने कहा कि प्रदेश में
निरन्तर वर्षा के कारण उत्पन्न दैवीय आपदा में राज्य के लोगों
को राहत देने के लिये आपदा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ और सक्रिय
बनाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही जनहित के
कार्यो को पारदर्शिता, ईमानदारी और बेहतर तालमेल के साथ पूर्ण
किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटे राज्य में दूरस्थ क्षेत्रों
तक, जनता के साथ न केवल प्रशासन की पहुंच आसान रहती है बल्कि
विकास कार्यो को कारगर और बेहतर ढंग से गति भी मिलती है।
सुभाष कुमार के बारे में
उत्तराखंड राज्य के मुख्य सचिव
सुभाष कुमार का जन्म 17 अप्रैल, 1954 को हिमांचल प्रदेश में
हुआ है। अंग्रेजी, इतिहास और राजनीति विज्ञान से स्नातक और
राजनीति विज्ञान से परास्नातक सुभाष कुमार 1977 में भारतीय
प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए। अविभाजित उत्तर प्रदेश में वे
ललितपुर, इटावा, सुलतानपुर, इलाहाबाद के जिलाधिकारी और
इलाहाबाद, सहारनपुर, कुमाऊं एवं गढ़वाल मण्डल के आयुक्त रहे
हैं। उत्तराखण्ड राज्य गठन के बाद वे प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री,
गृह, मुख्य राजस्व आयुक्त, वन एवं ग्राम्य विकास आयुक्त और अपर
मुख्य सचिव के पद पर रहे चुके हैं। सुभाष कुमार को लोक
प्रशासन, जिला प्रशासन, वन एवं पर्यावरण और ग्रामीण विकास का
गहन और लम्बा अनुभव प्राप्त है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव कार्मिक
डीके कोटिया, सचिव ऊर्जा डॉ उमाकांत पंवार, सचिव शिक्षा मनीषा
पंवार, सचिव वित्त राधा रतूड़ी, सचिव सचिवालय प्रशासन एमएम खान,
सचिव लोक निर्माण उत्पल कुमार सिंह, सचिव ग्राम्य विकास डॉ
राकेश कुमार, पुलिस महानिदेशक जेएस पाण्डे, पुलिस महानिरीक्षक
अनिल रतूड़ी, अपर सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी, किशन नाथ आदि
उपस्थित थे। इसके पश्चात सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों
ने नव नियुक्त मुख्य सचिव सुभाष कुमार का स्वागत किया और
निर्वतमान मुख्य सचिव नृप सिंह नपलच्याल को भावपूर्ण विदाई दी।