राज्यपाल ने मेधावियों को छात्रवृत्ति के चेक दिए

  • स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल बीएल जोशी ने कहा है कि बच्चों में ऊंचा सपना देखने की प्रवृत्ति पैदा की जानी चाहिए ताकि वे अपने प्रयासों से आगे बढ़ते जाएं और कल को एक सफल नागरिक बन सकें। राज्यपाल गोमती नगर में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के संत गाडगे सभागार में दैनिक हिन्दुस्तान की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान-2010 में ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित कर रहे थे जिन्होंने अपने परिश्रम और लगन से अपने विद्यालय और राज्य का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने छह प्रतिभाशाली छात्रों को एक-एक लाख रूपये की छात्रवृत्ति का चेक प्रदान किया। इनमें लारेटो कॉन्वेंट लखनऊ की अत्रेया अग्रहरि, सेंट एन्थोनी स्कूल बाराबंकी की सुमैया अंजुम, हरिमिलाप मिशन स्कूल कानपुर के तुषार शुक्ला, खालसा इण्टर कालेज कानपुर के मयंक मिश्रा, सेन्ट्रल हिन्दू ब्वायज स्कूल वाराणसी के रोहित कुमार और क्रास्थवेट गर्ल्स कालेज इलाहाबाद की रश्मि द्विवेदी शामिल हैं। शेष दसवीं एवं बारहवीं के छात्र/छात्राओं को भारतीय प्रबन्ध संस्थान के निदेशक प्रोफेसर देवी सिंह ने प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर शहर के तीन सर्वश्रेष्ठ स्कूलों को ट्राफी प्रदान की गयी। इनमें सीबीएससी, आईसीएससी और यूपीबोर्ड का एक-एक स्कूल शामिल है। कार्यक्रम में हिंदुस्तान टाइम्स की रेजीडेंट एडिटर सुनीता ऐरन, महाप्रबंधक हिन्दुस्तान मीडिया रजत कुमार और कार्यकारी संपादक नवीन जोशी उपस्थित थे।

Bookmark and Share

 

आगे और