|
उद्यमी यूपी में पूंजी निवेश करें-मुख्य सचिव
उत्तर प्रदेश मण्डप का उद्घाटन
नई
दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव अतुल कुमार गुप्ता ने
उद्यमियों से कहा है कि वे प्रदेश में पूंजी निवेश करें, यहां
उद्यम स्थापना की असीम सम्भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर
प्रदेश सरकार ने उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण एवं उन्हें
मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था की है।
शिक्षा, चिकित्सा, ऊर्जा और कृषि के क्षेत्र में पूंजी निवेश
करने वाले उद्यमियों को समुचित प्रोत्साहन एवं सुविधाएं उपलब्ध
कराईं जायेंगी।
मुख्य सचिव ने यहां प्रगति मैदान में आयोजित भारत
अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तर प्रदेश मण्डप का
उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूंजी निवेशकों को
प्रदेश में उद्योग स्थापित करने हेतु बेहतर कानून व्यवस्था के
साथ-साथ उद्योग के लिए आधारभूत संरचना एवं सुविधाएं उपलब्ध
हैं। हाल ही में मुम्बई में आयोजित इन्वेस्ट मार्ट में देश के
नामचीन औद्योगिक घरानों ने प्रदेश में पूंजी निवेश करने में
रूचि दिखाई है।
उत्तर प्रदेश मण्डप में औद्योगिक विकास के क्षेत्र में
राज्य की उपलब्धियों, ग्रामीण सड़कों के नव-निर्माण,
महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण मरम्मत, चिकित्सा सेवाओं,
शिक्षा के क्षेत्र में प्राप्त की गयी उपलब्धियों, महामाया
गरीब बालिका आशीर्वाद योजना, सावित्री बाई फुले बालिका शिक्षा
मदद योजना, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग
और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए चलाई गयी कल्याणकारी योजनाओं के
साथ-साथ हाल ही में नोएडा सिटी सेण्टर से नई दिल्ली तक शुरू की
गयी मैट्रो रेल परियोजना के बारे में जानकारी दी गयी है। मण्डप
में मान्यवर कांशीराम स्मृति स्थल तथा डा भीमराव अम्बेडकर
सामाजिक परिवर्तन स्थल के चित्रों के साथ-साथ नोएडा एवं ग्रेटर
नोएडा में कराये गये औद्योगिक विकास का सशक्त प्रस्तुतिकरण भी
किया गया है। मण्डप का वाह्य आवरण सुख-सम्पन्नता एवं आपसी
सद्भाव को प्रदर्शित कर रहा है, जिसे विभिन्न रंगों के माध्यम
से मनोहारी एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
मण्डप में प्रदेश के औद्योगिकीकरण, निर्यात संवर्धन एवं
स्वस्थ औद्योगिक वातावरण के साथ-साथ उत्तरोत्तर प्रगति की दिशा
में सतत् प्रयासरत् नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण,
वृहत्तर नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश
राज्य औद्योगिक विकास निगम, साफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क द्वारा
अपने-अपने क्रियाकलापों तथा प्रदत्त कराई जाने वाली सुविधाओं
का आकर्षक प्रदर्शन किया गया है। इसी के साथ प्रदेश के चर्म
उद्योग, सिरामिक्स, वुडेन, ब्रास, कारपेट, ग्लासबीड्स,
हस्तश्ाल्प, उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया है। मण्डप
के बाहर राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर पुरस्कृत
हस्तश्ाल्पियों की कृतियों एवं उनके उत्पादों के निर्माण की
प्रक्रिया का जीवंत प्रदर्शन किया गया है, जो दर्शकों के लिए
विशेष आकर्षण का केन्द्र है।
इस अवसर पर स्थानिक आयुक्त उत्तर प्रदेश शासन वी
राजगोपालन, प्रमुख सचिव उद्योग जेएन चेम्बर एवं उद्योग निदेशक
मो इफ्तेखारुद्दीन के साथ सूचना निदेशक अजय कुमार उपाध्याय,
सहित उद्योग विभाग से सम्बन्धित अधिकारी एवं नोएडा एवं ग्रेटर
नोएडा के अधिकारी भी मौजूद थे।
|