|

 |
|
|
मुलायम ने स्वच्छ जीवन का पाठ पढ़ाया
मार्च से सपा के कार्यकर्ता
सम्मेलन
लखनऊ । समाजवादी पार्टी को और ज्यादा संघर्षशील और सक्रिय बनाने के
लिए राज्य में सभी विधान सभा क्षेत्रों में 8 मार्च से
कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। सम्मेलन के पूर्व उन विधान सभा
क्षेत्रों में टीमें गठित कर साइकिल यात्रा के माध्यम से
गांव-गांव लोगों से मिलकर समस्याओं और उत्पीड़न के मामलों की
जानकारी की जाएगी। जिला और महानगर अध्यक्षों को निर्देश दिये
गये हैं कि वे तुरंत जिले के पदाधिकारियों और नेताओं की बैठक
करके कार्यक्रमों को अंतिम रूप दें। सपा को और गतिशील बनाने की
रणनीतियों पर विचार कर उनको लागू करने के संबंध में सपा के
जिला, महानगर अध्यक्षों, महासचिवों और पार्टी से सम्बद्ध
विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की सपा मुख्यालय पर
प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक
हुई।
बैठक को सम्बोधित करते हुये समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय
अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा कि पार्टी को जनता के बीच,
गांव-गांव तक पहुंचाना है। बूथ कमेटी तक संगठन को मजबूत बनाना
है। ऐसा संगठन और पदाधिकारी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा जो अपने
कर्तव्य का निर्वहन पूरे दायित्व के साथ नहीं कर सके। उन्होंने
पार्टी में सभी वर्गों को समायोजित करने के सुझाव के साथ इस
बात पर विशेष बल दिया कि पदाधिकारी ऐसे हों जो पार्टी के प्रति
निष्ठावान हों और सार्वजनिक जीवन में समर्पित हों। यदि नेताओं
और पदाधिकारियों की छवि स्वच्छ नहीं होगी तो सार्वजनिक जीवन
में वह कैसे सफल होंगे? उन्होंने सम्पत्ति और संतति का मोह
त्यागने और पार्टी के प्रति पूर्णरूपेण समर्पण भाव से काम करने
को कहा।
मुलायम सिंह यादव ने मंहगाई के लिए केंद्र और राज्य सरकार
दोनों को दोषी ठहराया। बिजली की किल्लत है, नहरों में पानी
नहीं है, किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हैं, लोग भूख से मर रहे
हैं। समाजवादियों को इन सब मुद्दों को लेकर संघर्ष छेड़ना
चाहिए, चुप नहीं बैठना चाहिए, यह आंदोलन सिर्फ रस्म अदायगी न
हो, आम जनता को यह बात पता लगनी चाहिए कि आंदोलन उनके लिए हो
रहा है और आंदोलन अहिंसक होना चाहिए।
मुलायम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री भ्रष्ट और कायर
हैं। समाजवादी पार्टी आंदोलन की पार्टी है, सपा की राजनीति
केवल सत्ता के लिए ही नहीं, व्यवस्था परिवर्तन के लिए है,
इसलिए मुद्दों की लड़ाई लड़ने के साथ मजबूर लोगों की मदद का भी
काम करते रहना चाहिए। मुलायम सिंह यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय
उपाध्यक्ष जनेश्वर मिश्र का भी स्मरण किया और उन्हें भावभीनी
श्रद्धांजलि दी। बैठक में जिलाध्यक्षों ने अपनी रिपोर्ट दी।
बैठक को मोहन सिंह, डा राम आसरे कुशवाहा, विशम्भर प्रसाद
निषाद(सभी राष्ट्रीय महासचिव) अताउर्रहमान (राष्ट्रीय सचिव)और
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने भी सम्बोधित किया।
|
|
|