'सहारा
इंडियन स्पोर्ट्स अवार्ड' से सम्मानित हुए खिलाड़ी
प्रतिभाओं का मनोबल
ऊंचा करते हैं ऐसे आयोजन-
सहाराश्री
स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
मुंबई। भारत में खेलों के प्रमुख प्रमोटर सहारा
इंडिया परिवार ने खेलों में अपनी नई पहल
'सहारा इंडियन
स्पोर्ट्स अवार्ड' समारोह का आयोजन किया। नवोदित खेल प्रतिभाओं
को पहचान दिलाने के साथ ही प्रशिक्षकों, खेल अधिकारियों और
एडिमिनिस्ट्रेटर्स के भव्य सम्मान के लिए ताज लैंड्स एंड में यह
विशिष्ट रंगारंग अवार्ड समारोह हुआ। समारोह में खेल जगत की
प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति थी। इस मौके पर सहारा इंडिया के
मैनेजिंग वर्कर और चेयरमैन सुब्रत राय सहारा ने कहा कि सहारा
परिवार भारतीय खिलाडि़यों की उनके संबंधित क्षेत्रों में
उपलब्धियों और प्रयासों को उभारने के लिए हमेशा कृत संकल्प है
और इस प्रकार के आयोजन प्रतिभाओं का मनोबल ऊंचा करने के लिए
महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सहारा इंडिया परिवार ने इन पुरस्कारों को इस इरादे से
प्रस्तुत किया है, जिससे कि सभी खेलों को एक साथ लाया जा सके
और संबंधित खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा सके। इनमें वे
खेल शामिल हैं जो बहुत लोकप्रिय हैं और वे भी शामिल हैं जो
उनकी तरह लोकप्रिय नहीं हैं। 'सहारा इंडियन स्पोर्ट्स अवार्ड'
वितरण के अवसर पर खेल जगत की महान हस्तियां उपस्थित थीं, जिनमे
सुनील गावस्कर क्रिकेट, धनराज पिल्लै हॉकी, अंजू बॉबी जार्ज
एथलीट, अश्विनी नाचप्पा एथलीट, दिलीप वेंगसरकर क्रिकेट, आईएम
विजयन फुटबॉल, कमलेश मेहता टेबिल टेनिस, मेहरवान दारूवाला
स्क्वैश, माइकल फरेरा बिलियर्ड्स, नन्दन बल टेनिस, प्रवीन
थिप्से चैस, पुलैला गोपीचन्द बैडमिन्टन, विक्रमजीत सिंह गोल्फ
शामिल हैं। अवार्ड समारोह में पुरस्कार के लिए नामांकित
खिलाडि़यों में सायना नेहवाल, मैरी कॉम, इशान्त शर्मा, अभिनव
बिन्द्रा, जीव मिल्खा सिंह, विश्वनाथन आनन्द, महेंद्र सिंह
धोनी, हरभजन सिंह, जहीर खान, युकी भांबरी आदि शामिल हैं।
समारोह में बैडमिटंन खिलाड़ी सायना नेहवाल को
'फिमेल
यंग एचीवर' जबकि टेनिस खिलाड़ी यूकी भांबरी को मेल यंग एचीवर
अवार्ड मिला। बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद को
'बेस्ट कोच
का अवार्ड' मिला। बॉक्सर बिजेंद्र और रेसलर सुशील कुमार को
आउटस्टैंडिंग परफॉरमेंस के लिए आवार्ड मिले। गोल्फ के लिए
गगनजीत भुल्लर को जबकि आर्चरी के लिए जयंत तालुकदार को सहारा
इंडियन स्पोर्ट्स अवार्ड मिले। गौतम गंभीर को बेस्ट मेल
क्रिकेटर और मिताली राज को बेस्ट फीमेल क्रिकेटर अवार्ड दिया
गया। ओलंपिक में अभिनव बिंद्रा के गोल्ड को बेस्ट मेमोरेबल
मोमेंट माना गया। स्पोर्ट्स मैन अवार्ड अभिनव बिंद्रा जबकि
स्पोर्ट्स विमेन मैरीकॉम को मिला। बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश
पादुकोने को लेजेंड ऑनर और सेलवेनस डुंगडुंग को अनसंग हीरो का
अवार्ड दिया गया। अवार्ड समारोह में दो विशिष्ट खेल हस्तियां सम्मानित की
गईं, पहली-लीजेंड ऑनर पद्मश्री प्रकाश पादुकोने अर्जुन अवार्ड
विनर और भारत के प्रमुख बैडमिंटन खिलाड़ी, जिन्होंने डेनिश,
स्वीडिश ओपन और ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में मैन सिंग्लस का
खिताब जीता था, सम्मानित किया गया। दूसरी-अनसंग हीरो सिलवनस
डुंग डुंग भारत के प्रमुख भूतपूर्व हॉकी खिलाड़ी हैं। मास्को
ओलम्पिक 1980 में ये गोल्ड मेडलिस्ट रहे। उन्होंने लखनऊ
सेन्ट्रल कमाण्ड टीम को आर्मी हॉकी चैम्पियनशिप में चार बार
लगातार सफलता दिलाने में बेहतरीन ढंग से प्रशिक्षित किया।
सहारा इंडिया परिवार ने भारतीय हॉकी में अपने विशिष्ट योगदान
के चलते 5 लाख रूपये की धनराशि के इंसेटिव से पुरस्कृत किया।
समारोह को और भव्यता प्रदान करते हुए दीपिका पादुकोने, दिया
मिर्जा, नेहा धूपिया, कोयना मित्रा जैसी बॉलीवुड सुन्दरियों ने
श्यामक डावर और वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पियन विजेन्द्र सिंह के
साथ लोकप्रिय बॉलीवुड गानों पर नृत्य किया और दर्शकों को
आनन्दित किया। 'सहारा इंडियन स्पोर्ट्स अवार्ड' के उद्घाटन समारोह के
अवसर पर सहाराश्री सुब्रत रॉय सहारा ने कहा कि भारत में खेलों
ने क्रिकेट में लोकप्रियता और सम्मान प्राप्त किया है। इस खेल
ने लोगों का प्यार और आनन्द हासिल किया है, जो किसी भी खेल के
लिए प्रेरणादायक है, अन्य सभी खेलों की दिशा को लोकप्रियता और
सम्मान दिलाने के लिए पूर्णकालिक प्रयासों की आवश्यकता है,
'सहारा इंडियन स्पोर्ट्स अवार्ड' इस दिशा में एक अन्य प्रयास
है। उन्होंने कहा कि इस अवार्ड का उद्देश्य सभी खेलों को एक
भव्य मंच प्रदान करने और सभी खिलाडि़यों को एक स्थान पर
एकत्रित करने का है जहां पर कि खेल प्रतिभा और उपलब्धियों को
सम्मानित और उत्साहित किया जा सके और उनके साथ बेमिसाल तरीके
से उत्सव मनाया जा सके। अवार्ड के मतदान की प्रक्रिया दो चरणों में हुई। पहले
चरण में स्पोर्ट्स जनर्लिस्ट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजेएफआई) ने
विभिन्न श्रेणियों में खेलों के विभिन्न वर्गों से खिलाडि़यों
का चयन किया। चयनित खिलाडि़यों को 13 लोगों की स्पोर्ट्स जूरी
ने, जिसमें विभिन्न खेलों-क्रिकेट, बिलियर्ड, टेनिस, गोल्फ,
स्क्वैश, हॉकी, एथेलिटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, फुटबॉल, चैस,
टेबिल टेनिस आदि के ख्यातिप्राप्त खिलाड़ी शामिल थे, चयन किया
गया। इस जूरी के चेयरमैन क्रिकेट के महान खिलाड़ी सुनील
गावस्कर थे। संपूर्ण चयन प्रक्रिया केपीएमजी के दिशा-निर्देशन
में संचालित हुई। ध्यान रहे कि भारतीय क्रिकेट और हॉकी के प्रायोजक सहारा
इंडिया परिवार ने इसी वर्ष हाल ही में भारतीय मुक्केबाजी,
कुश्ती, तीरंदाजी और हाल ही में भारतीय शूटिंग को भी अंगीकृत
किया है। इस श्रृंखला में इन चारों खेलों के अंतर्गत सहारा
इंडिया परिवार 56 खिलाडि़यों को 4 वर्ष तक सहायता प्रदान करता
रहेगा। यह सहायता लंदन ओलम्पिक्स 2012 के बाद तक जारी रहेगी।
सहारा ने घरेलू एवं ग्रास रूट लेवल पर खेलों को बढ़ावा देने के
लिए ख्यातिप्राप्त कलकत्ता फुटबॉल लीग, शीशमहल क्रिकेट
टूर्नामेंट और अन्य अनेक खेलों को राष्ट्र, प्रदेश एवं जिला
स्तर पर सहयोग किया है। हाल ही में उत्तर प्रदेश सीनियर
क्रिकेट टीम, जो राज्य में रणजी और अन्य घरेलू टूर्नामेंट का
प्रतिनिधित्व करती है, का भी सहारा परिवार प्रायोजक बना है।