उत्तरांचल पंजाबी महासभा का निशंक से अनुरोध

  • स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

देहरादून। मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक से विधानसभा अध्यक्ष हरबंश कपूर के नेतृत्व में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रतिनिधि मण्डल ने भेंट कर उनसे आगामी अक्टूबर में आयोजित होने वाले सर्वपितृ श्रद्धाजंलि सभा एवं पंजाबी महाकुम्भ में प्रतिभाग करने का अनुरोध किया।

प्रतिनिधि मण्डल के साथ आये जगतगुरू रामानन्दाचार्य स्वामी हंसदेवाचार्य ने बताया कि वर्ष 1947 में बंटवारे के समय बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धाजंलि देने के लिए दो और तीन अक्टूबर को हरिद्वार में सर्वपितृ श्रद्धाजंलि सभा एवं पंजाबी महाकुम्भ का आयोजन किया जा रहा है। बंटवारे के समय अकाल मृत्यु के शिकार हुये लोगों को श्रद्धाजंलि देने और उनका तर्पण करने के लिए गंगा नदी के तट पर यह विशाल आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देश की एकता एवं अखण्डता के प्रतीक के रूप में इस महाकुम्भ में पंजाब की पांचों नदियों, सिख धर्म के पवित्र सरोवरों के साथ ही उत्तराखण्ड के पवित्र पंच प्रयागो के मिश्रित जल से पित्रों को श्रद्धाजंलि दी जायेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस आयोजन को पूरा सहयोग देने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मण्डल को आश्वस्त किया कि देश की एकता एवं अखण्डता को बढ़ावा देने वाले सभी आयोजनों का स्वागत किया जायेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 के बंटवारे की पीड़ा आज भी करोड़ों लोगों के हृदय में है। इस प्रकार के आयोजन से सर्व धर्म समभाव को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर सुभाष कोहली, राजीव घई, राकेश ओबराय आदि उपस्थित थे।

 

Bookmark and Share

  

आगे और