भोपाल।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक
विरासत को समृद्ध बनाने में योगदान देने का आह्वान किया है।
अपने निवास पर आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित
भक्ति संध्या में शिवराज सिंह चौहान ने लोगों को जन्माष्टमी की
हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह आध्यात्मिक आयोजन
मध्यप्रदेश को समृद्ध राज्य बनाने की प्रेरणा देता है। भगवान
श्रीकृष्ण के धर्म रक्षा के संदेश हर युग और समय में प्रासंगिक
रहेंगे। इस अवसर पर प्रसिद्ध सिने संगीतकार रवीन्द्र जैन एवं
उनके सहयोगियों ने श्रीकृष्ण आराधना पर केन्द्रित सांगीतिक
प्रस्तुतियां देते हुए उपस्थित भक्तजनों को भक्तिरस से सराबोर
कर दिया। संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा, गृह मंत्री
उमाशंकर गुप्ता, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री रंजना बघेल,
बड़ी संख्या में उपस्थित गणमान्य अतिथियों और उनके परिवारजनों,
भाजपा के पदाधिकारियों, विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक संगठनों
के पदाधिकारियों, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, राज्य
सूचना आयुक्त पीपी तिवारी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के
प्रतिनिधियों ने भक्ति संगीत का रसास्वादन किया। मुख्यमंत्री
के भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ भक्ति संध्या की
शुरूआत हुई। उन्होंने शाल एवं श्रीफल भेंट कर रवीन्द्र जैन का
सम्मान किया।