|
जुलाई
माह-
मंगल पाण्डे पर विशेष
1857
की क्रान्ति का प्रथम
शहीद
कहा
जाता
है कि पूरे देश में एक ही दिन 31 मई 1857 को क्रान्ति आरम्भ
करने का निश्चय किया गया था, पर 29 मार्च 1857 को बैरकपुर
छावनी के सिपाही मंगल पाण्डे (19जुलाई 1827-8 अप्रैल 1857) की
विद्रोह से उठी ज्वाला वक्त का इन्तजार नहीं कर सकी और प्रथम
स्वाधीनता संग्राम का आगाज हो गया। मंगल पाण्डे को 1857 की
क्रान्ति का पहला शहीद सिपाही माना जाता है। उत्तर प्रदेश
राज्य के बलिया जिले के नगवा गांव में पैदा हुए इस भारतीय वीर
के नाम युग-युगांतर तक आजादी की क्रांति का इतिहास देशभक्ति और
हिम्मत की प्रेरणा देता रहेगा।
उनतीस मार्च 1857, दिन रविवार-उस दिन जनरल जान हियर्से
अपने बंगले में आराम कर रहा था कि एक लेफ्टिनेंट बद्हवास सा
दौड़ता हुआ आया और बोला कि देसी लाइन में दंगा हो गया है। खून
से रंगे अपने घायल लेफ्टिनेंट की हालत देखकर जनरल जान हियर्से
अपने दोनों बेटों को लेकर 34वीं देसी पैदल सेना की रेजीमेंट के
परेड ग्राउण्ड की ओर दौड़ा। उधर धोती-जैकेट पहने 34वीं देसी
पैदल सेना का जवान मंगल पाण्डे नंगे
पांव ही एक भरी बन्दूक
लेकर क्वाटर गार्ड के सामने बड़े ताव मे चहलकदमी कर रहा था और
रह-रह कर अपने साथियों को ललकार रहा था-अरे! अब कब निकलोगे
तुम लोग अभी तक तैयार क्यों नहीं हो रहे हो? ये अंग्रेज हमारा
धर्म भ्रष्ट कर देंगे। आओ, सब मेरे पीछे आओ। हम इन्हें अभी
खत्म कर देते हैं। लेकिन अफसोस किसी ने उसका साथ नहीं दिया,
पर मंगल पाण्डे ने हार नहीं मानी और अकेले ही अंग्रेजी हुकूमत
को ललकारता रहा। तभी अंग्रेज सार्जेंट मेजर जेम्स थार्नटन
ह्यूसन ने मंगल पाण्डे को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। यह सुन
मंगल पाण्डे का खून खौल उठा और उसकी बन्दूक गरज़ने लगी।
सार्जेंट मेजर ह्यूसन वहीं लुढ़क गया। अपने साथी की यह स्थिति
देख घोडे़ पर सवार लेफ्टिनेंट एडजुटेंट बेम्पडे हेनरी वॉग मंगल
पाण्डे की तरफ बढ़ता है, पर इससे पहले कि वह उसे काबू कर पाता,
मंगल पाण्डे ने उस पर गोली चला दी। दुर्भाग्य से गोली घोड़े को
लगी और वॉग नीचे गिरते हुये फुर्ती से उठ खड़ा हुआ।
अब दोनों आमने-सामने थे। इस बीच मंगल पाण्डे ने अपनी
तलवार निकाल ली और पलक झपकते ही वॉग के सीने और कन्धे को चीरते
हुये निकल गई। तब तक जनरल जान हियर्से घोड़े पर सवार परेड
ग्राउण्ड में पहुंचा और यह दृश्य देखकर भौंचक्का रह गया। जनरल
हियर्से ने जमादार ईश्वरी प्रसाद को हुक्म दिया कि मंगल पाण्डे
को तुरन्त गिरफ्तार कर लो पर उसने ऐसा करने से मना कर दिया। तब
जनरल हियर्से ने शेख पल्टू को मंगल पाण्डे को गिरफ्तार करने का
हुक्म दिया। शेख पल्टू ने मंगल पाण्डे को पीछे से पकड़ लिया।
स्थिति भयावह हो चली थी। मंगल पाण्डे ने गिरफ्तार होने से
बेहतर मौत को गले लगाना उचित समझा और बन्दूक की नाल अपने सीने
पर रख पैर के अंगूठे से फायर कर दिया।
लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था, सो मंगल पाण्डे
सिर्फ घायल होकर ही रह गया। तुरन्त अंग्रेजी सेना ने उसे चारों
तरफ से घेर कर बन्दी बना लिया और मंगल पाण्डे पर कोर्ट मार्शल
का आदेश हुआ। अंग्रेजी हुकूमत ने 6 अप्रैल को फैसला सुनाया कि
मंगल पाण्डे को 18 अप्रैल को फांसी पर चढ़ा दिया जाये। पर बाद
में यह तारीख 8 अप्रैल कर दी गयी, ताकि विद्रोह की आग अन्य
रेजिमेण्टो में भी न फैल जाये। मंगल पाण्डे के प्रति लोगों में
इतना सम्मान पैदा हो गया था कि बैरकपुर का कोई जल्लाद फांसी
देने को तैयार नहीं हुआ। नतीजन कलकत्ता से चार जल्लाद बुलाकर
मंगल पाण्डे को 8 अप्रैल, 1857 को फांसी पर चढ़ा दिया गया।
मंगल पाण्डे को फांसी पर चढ़ाकर अंग्रेजी हुकूमत ने जिस
विद्रोह की चिंगारी को खत्म करना चाहा, वह तो फैल ही चुकी थी
और देखते ही देखते इसने पूरे देश को अपने आगोश में ले लिया।
चौदह मई 1857 को गर्वनर जनरल लार्ड वारेन हेस्टिंग्स ने
मंगल पाण्डे का फांसीनामा अपने आधिपत्य में ले लिया। आठ अप्रैल
1857 को बैरकपुर, बंगाल में मंगल पाण्डे को प्राण दण्ड दिये
जाने के ठीक सवा महीने बाद, जहां से उसे कलकत्ता के फोर्ट
विलियम कॉलेज में स्थानान्तरित कर दिया गया था। सन् 1905 के
बाद जब लार्ड कर्जन ने उड़ीसा, बंगाल, बिहार और मध्य प्रदेश की
थल सेनाओं का मुख्यालय बनाया गया तो मंगल पाण्डे का फांसीनामा
जबलपुर स्थानान्तरित कर दिया गया। जबलपुर के सेना आयुध कोर के
संग्राहालय में मंगल पाण्डे का फांसीनामा आज भी सुरक्षित रखा
है। इसका हिन्दी अनुवाद निम्नवत है-
जनरल आर्डर्स
बाय हिज एक्सीलेन्सी
द कमान्डर इन चीफ, हेड क्वार्टर्स, शिमला
18 अप्रैल 1857
गत 18 मार्च 1857, बुधवार को फोर्ट विलियम्स में
सम्पन्न कोर्ट मार्शल के बाद कोर्ट मार्शल समिति 6 अप्रैल
1857, सोमवार के दिन बैरकपुर में पुनः इकट्ठा हुई तथा पाँचवी
कंपनी की 34वीं रेजीमेंट नेटिव इनफेन्ट्री के 1446 नं. के
सिपाही मंगल पाण्डे के खिलाफ लगाये गये निम्न आरोपों पर विचार
किया।
आरोप (1) बगावतः- 29 मार्च 1857 के बैरकपुर में परेड
मैदान पर अपनी रेजीमेन्ट की क्वार्टर गार्ड के समक्ष तलवार और
राइफल से लैस होकर अपने साथियों को ऐसे शब्दों में ललकारा,
जिससे वे उत्तेजित होकर उसका साथ दें तथा कानूनों का उल्लंघन
करें।
आरोप (2) इसी अवसर पर पहला वार किया गया तथा हिंसा का
सहारा लेते हुए अपने वरिष्ठ अधिकारियों, सार्जेन्ट-मेजर जेम्स
थार्नटन ह्यूसन और लेफ्टिनेंट-एडजुटेंट बेम्पडे हेनरी वॉग जो
34वीं रेजेमेन्ट नेटिव इनफेन्ट्री के ही थे, पर अपनी राइफल से
कई गोलियाँ दागीं तथा बाद में उल्लिखित लेफ्टिनेंट वॉग और
सार्जेंट मेजर ह्यूसन पर तलवार के कई वार किये।
निष्कर्षः- अदालत पांचवी कंपनी की 34वीं रेजीमेन्ट
नेटिव इनफेन्ट्री के सिपाही नं. 1446, मंगल पाण्डे को उक्त
आरोपों का दोषी पाती है।
सजाः- अदालत पांचवी कंपनी की 34वीं रेजीमेन्ट नेटिव
इनफेन्ट्री के सिपाही नं. 1446, मंगल पाण्डे को मृत्युपर्यन्त
फांसी पर लटकाये रखने की सजा सुनाती है।
अनुमोदित एवं पुष्टिकृत
(हस्ताक्षरित) जेबी हरसे, मेजर जनरल कमाण्डिंग,
प्रेसीडेन्सी डिवीजन
बैरकपुर, 7 अप्रैल 1857
टिप्पणीः-
पांचवी कंपनी की 34वीं रेजीमेन्ट नेटिव इनफेन्ट्री के
सिपाही नं. 1446, मंगल पाण्डे को कल 8 अप्रैल को प्रातः साढ़े
पांच बजे ब्रिगेड परेड पर समूची फौजी टुकड़ी के समक्ष फांसी पर
लटकाया जायेगा।
(हस्ताक्षरित) जेबी हरसे, मेजर जनरल, कमांडिंग प्रेसीडेन्सी
डिवीजन
इस आदेश को प्रत्येक फौजी टुकड़ी की परेड के दौरान और
खास तौर से बंगाल आर्मी के हर हिन्दुस्तानी सिपाही को पढ़कर
सुनाया जाये।
बाय ऑर्डर ऑफ हिज एक्सीलेन्सी
द कमांडर-इन-चीफ
सी-चेस्टर, कर्नल।
(लेखक राम शिव मूर्ति यादव सेवानिवृत्त स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी
हैं, जिन्होंने तहबरपुर,
पोस्ट- टीकापुर आजमगढ़ (उप्र) से शहीद मंगल पाण्डे पर यह आलेख
भेजा है)
|