स्वतंत्र आवाज़
word map

मुख्यमंत्री सर्वजातीय कन्या विवाह में शामिल हुए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 10 March 2013 08:57:44 AM

srwajatiy kanya marriages

टीकमगढ़, मध्य प्रदेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एवं उनकी पत्नी तथा कन्नौज की सांसद डिंपल यादव मध्य प्रदेश के जनपद टीकमगढ़ के निवाड़ी कस्बे में आयोजित सर्वजातीय कन्या विवाह यज्ञ में शामिल हुए। यह विवाह कार्यक्रम जनपद झांसी के गरौठा विधानसभा क्षेत्र से विधायक दीपनारायण यादव एवं उनकी पत्नी तथा निवाड़ी विधानसभा (मध्य प्रदेश) क्षेत्र से विधायक मीरा यादव ने आयोजित किया था, इसमें 125 कन्याओं का विवाह हुआ।
वर-वधू को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब, बेसहारा एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की कन्याओं के विवाह में मदद करना अत्यंत पुनीत सामाजिक कार्य है, इसके लिए विधायक दीपनारायण एवं उनकी विधायक पत्नी बधाई के पात्र हैं, ऐसे सर्वजातीय वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए समाज के सक्षम लोगों को आगे आना चाहिए, इस तरह के कार्यक्रमों से, जहां गरीब लोगों की मदद होगी, वहीं दहेज जैसी सामाजिक बुराई पर रोक लगेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार ने पिछले एक वर्ष में प्रदेश के हर क्षेत्र एवं समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए महत्वपूर्ण कार्य किये हैं। प्रदेश सरकार अपने बजट का 74 प्रतिशत गांवों एवं किसानों की भलाई के लिए खर्च कर रही है। बालिकाओं के लिए कन्या विद्या धन योजना लागू की गई है। प्रदेश की सभी बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था प्रदान की गई है। मुस्लिम बालिकाओं की पढ़ाई एवं विवाह के अनुदान की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 मार्च से पात्र विद्यार्थियों को लैपटाप वितरण प्रारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश गन्ना, दूध, गेहूं, आम के उत्पादन में प्रथम स्थान पर है। इस अवसर पर सांसद घनश्याम अनुरागी, आरके पटेल, विधायक मऊरानीपुर डॉ रश्मि आर्या, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी झांसी तनवीर ज़फर अली प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]