स्वतंत्र आवाज़
word map

तेजेंद्र शर्मा को ब्रिटेन का पद्म जैसा सम्मान

मेंबर ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ द ब्रिटिश एम्पायर सम्मान

ब्रिटेन के राजकुमार प्रिंस चार्ल्स ने सम्मानित किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 14 December 2017 11:38:47 PM

tejendra sharma and prince charles

लंदन। भारतीय मूल के ब्रिटिश हिंदी लेखक तेजेंद्र शर्मा को ब्रिटेन के राजकुमार प्रिंस चार्ल्स ने मेंबर ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ द ब्रिटिश एम्पायर सम्मान प्रदान किया है। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरेज़ा मे की सिफ़ारिश पर ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ की मंजूरी के उपरांत ऐसा सम्मान प्रदान किया जाता है। तेजेंद्र शर्मा यह सम्मान पानेवाले पहले भारतीय हैं, जिन्हें हिंदी लेखन, हिंदी साहित्य की सेवा और ब्रिटेन में सामुदायिक एकजुटता की गतिविधियों के लिए यह सम्मान मिला है। अलग-अलग श्रेणियों में यह सम्मान भारत के ओम पुरी, सलमान रूशदी, वीएस नायपाल, विक्रम सेठ, अनीश कपूर आदि कई हस्तियों को भी मिल चुका है। ब्रिटेन के इस सम्मान की तुलना भारत के पद्म सम्मान से की जाती है। तेजेंद्र शर्मा ने पिता नंदगोपाल मोहला और दिवंगत पत्नी इंदु को अपने लेखन का श्रेय देते हुए कहा है कि ब्रिटेन की महारानी का किसी हिंदी लेखक को उसके साहित्यिक अवदान के लिए सम्मानित किया जाना उनके लिए एक ऐतिहासिक घटना है, इससे हिंदी को वैश्विक भाषा बनने को बल मिला है। उन्होंने यह सम्मान हिंदी साहित्य जगत और गुरूजनों को समर्पित किया है।
ब्रिटेन में सत्तारूढ़ कंज़रवेटिव पार्टी के सांसद बॉब ब्लैकमैन ने तेजेंद्र शर्मा को ब्रिटेन के इस सम्‍मान पर कहा है कि पिछले दो दशक से उन्होंने अपने साहित्य लेखन के जरिए विभिन्न समुदायों के बीच एकजुटता बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ब्रिटेन के मुख्य विपक्षी दल लेबर पार्टी के सांसद गैरेथ टॉमस का कहना है कि तेंजेंद्र शर्मा ने अपने संस्थान 'कथा यूके' के जरिए सामाजिक सौहार्द के लिए बड़ा काम किया है, तेजेंद्र शर्मा ब्रिटेन से प्रकाशित हिंदी की साहित्यिक पत्रिका 'पुरवाई' के भी संपादक हैं। लेबर पार्टी के एक और सांसद वीरेंदर शर्मा ने कहा है कि वे तेजेंद्र शर्मा के साहित्यिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से प्रभावित हैं और ब्रिटेन में प्रवासी हिंदी साहित्य का मुख्य विषय भारत के प्रति अतीत मोह है, तेजेंद्र शर्मा का लेखन हमेशा ब्रिटेन के जीवन को फ़ोकस करता रहा है। तेजेंद्र शर्मा की पुत्री और भारत की यह टीवी अदाकारा आर्या, तेजेंद्र शर्मा के एअर इंडिया ज़माने से मित्र यादव शर्मा एवं काउंसलर ज़किया ज़ुबैरी भी समारोह में उपस्थित थीं।
भारत में पंजाब के जगरांव में 21 अक्टूबर 1952 को एक साधारण परिवार में जन्मे तेजेंद्र शर्मा की लगभग दो दर्जन से अधिक पुस्तकें हैं। हिंदी साहित्य लेखन के लिए उन्हें भारत में दर्जनों सम्मान मिल चुके हैं, जिनमें केंद्रीय हिंदी संस्थान का डॉ मोटुरी सत्यनारायण सम्मान (2011), उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान का प्रवासी भारतीय साहित्य भूषण सम्मान (2013), हरियाणा साहित्य अकादमी सम्मान (2012), मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग का निर्मल वर्मा सम्मान (2017), महाराष्ट्र साहित्य अकादमी सम्मान (1995), भारतीय उच्चायोग लंदन का हरिवंश राय बच्चन सम्मान (2008) प्रमुख हैं। तेजेंद्र शर्मा लंबे समय तक एयर इंडिया में काम करने के बाद 1998 में ब्रिटेन में बस गए। तेजेंद्र शर्मा ने दूरदर्शन और आकाशवाणी के साथ-साथ कुछ समय बीबीसी में भी काम किया है। उन्होंने नाना पाटेकर के साथ अन्नु कपूर की फिल्म 'अभय' में अभिनय भी किया है। उनकी संस्था 'कथा यूके' हर साल ब्रिटेन में किसी भारतीय लेखक को इंदु शर्मा अंतर्राष्ट्रीय कथा सम्मान भी प्रदान करती है। तेजेंद्र शर्मा इन दिनों ब्रिटिश रेलवे में काम करते हुए एक नया उपन्यास लिख रहे हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]