स्वतंत्र आवाज़
word map

प्रोन्नति से मिलती है आत्मसंतुष्टि-राज्यपाल

प्रोन्नत सुरक्षा अधिकारियों को राज्यपाल ने बैच लगाए

राज्यपाल राम नाईक ने व्यक्त किए प्रेरणाप्रद उद्गार

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 3 December 2017 02:36:45 AM

governor ram naik batch promoted security officials

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने राजभवन सुरक्षा में तैनात सुरक्षा अधिकारियों को पुलिस उपाधीक्षक पद पर प्रोन्नति प्राप्त होने पर पुलिस उपाधीक्षक का बैच लगाकर अलंकृत किया। राजभवन सुरक्षा में तैनात निरीक्षक वकार हैदर रिज़वी, श्रीकांत तिवारी और आरएन यादव पुलिस उपाधीक्षक पद पर प्रोन्नत हुए हैं। ये तीनों राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात हैं। राज्यपाल ने राजभवन सुरक्षा से सेवानिवृत्त हुए वाहन चालक राम सुमेर और अशोक कुमार राय को भी उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना के साथ और उनकी सेवाओं की प्रशंसा करते हुए सम्मानित किया। राज्यपाल ने प्रोन्नति प्राप्त करने एवं सेवानिवृत्त होने वालों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्तिपत्र दिया। कार्यक्रम में इनके परिजनों को भी राज्यपाल की ओर से आमंत्रित किया गया था।
राज्यपाल राम नाईक ने इस अवसर पर कहा कि सरकारी सेवा में प्रोन्नति का अपना महत्व है, प्रोन्नति से जहां एक ओर आत्मसंतुष्टि होती है, वहीं कार्य एवं दायित्व को और अधिक अच्छे ढंग से संपादित करने हेतु प्रोत्साहन भी मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रोन्नति के बाद अधिकारियों की अगली तैनाती में राजभवन से प्राप्त अनुभव का लाभ जनता को अवश्य मिलेगा। उन्होंने सेवानिवृत्तकर्मियों से कहा कि जीवन में आगे कुछ नया करने का प्रयास करें, सेवानिवृत्ति के बाद अपनी रूचि के अनुसार बहुत कुछ करने का अवसर मिलता है। राज्यपाल की प्रमुख सचिव जूथिका पाटणकर, सचिव चंद्रप्रकाश, परिसहाय लीडर प्रवीण भौरिया, मुख्य सुरक्षा अधिकारी ज़फर नक़वी और संबंधित अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]