स्वतंत्र आवाज़
word map

उत्तराखंड में बुनियादी समस्याओं पर ध्यान

बिंदाल नदी पर पुल और नाले की गंभीर समस्या दूर हुई

बकरालवाला क्षेत्र की जनता ने आभार व्यक्त किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 1 December 2017 12:16:35 AM

the serious problem of bridge and drain on the bindal river

देहरादून। उत्तराखंड की भाजपा सरकार में देहरादून के घनी आबादी वाले बकरालवाला क्षेत्र की जनता की बिंदाल नदी पर पुल और नाले की एक गंभीर समस्या का निदान होने से क्षेत्र की जनता ने उत्तराखंड सरकार और राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के विधायक खजान दास का आभार व्यक्त किया है। भाजपा कार्यकर्ता तृप्ति उनियाल थापा काफी समय से पुल के जर्जर होने और नाले की समस्या के समाधान के लिए संघर्ष करती आ रही थीं, जिसपर विधायक खजान दास ने ध्यान दिया, नगर निगम देहरादून की मदद से नाले की सफाई का अभियान चलाया गया और पीडब्ल्यूडी की मदद से पुल की मरम्मत एवं उसके दोनों ओर जाल कार्य का निर्माण करवाया गया है। भाजपा कार्यकर्ता तृप्ति उनियाल थापा का कहना है कि आम जनता के शीर्ष महत्व के इस अभियान में क्षेत्रवासियों का भी बड़ा सहयोग प्राप्त हुआ है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में बिंदाल नदी पर बकरालवाला पुल देहरादून के प्राचीनतम पुलों में से एक है, जो लगभग 100 वर्ष पुराना है। यह पुल बकरालवाला क्षेत्र को डोभालवाला, ग्रीनवैली, कालीदास मार्ग, कैंट और राजपुर रोड से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सैकड़ों लोग बकरालवाला पुल का रोजाना इस्तेमाल करते हैं। यहां की बिंदाल नदी धीरे-धीरे नाले का रूप ले चुकी है, जहां लोग अपने घरों का कूड़ा, होटलों का मलबा एवं मरे हुए जानवरों को फेंक जाते हैं। इससे गर्मियों में आस-पास के लोगों का जीवन नरक बन जाता है। लंबे समय से जनता इस पुल के पुन: निर्माण एवं जालकार्य को लेकर नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों और नेताओं के पास जाकर भी निराश थी। कुछ माह पूर्व पुल की एक तरफ की दीवार भी ढह चुकी थी, आएदिन दुर्घटनाएं होती ही रहती हैं, बावजूद इसके कि किसी ने भी इस पुल की सुध नहीं ली थी।
भाजपा कार्यकर्ता तृप्ति उनियाल थापा इसी क्षेत्र की निवासी हैं, जिन्होंने क्षेत्रवासियों को साथ लेकर इस पुल के सुदृढ़ीकरण का अभियान चलाया। एक समय तक उन्होंने संबंधित विभागों एवं नेताओं के खूब चक्कर काटे, लेकिन निराशा ही हाथ लगी, परंतु जब उत्तराखंड में भाजपा की नई सरकार का आगमन हुआ, तब इस समस्या की सुनवाई हुई और इसके समाधान से जनता को बड़ी राहत मिली है। तृप्ति उनियाल थापा का कहना है कि राज्य की भाजपा सरकार का बुनियादी समस्याओं के समाधान पर ज्यादा जोर है और क्षेत्रीय विधायक भी ऐसी समस्याओं पर काफी सक्रिय हैं। विधायक खजान दास ने इस समस्या को शीर्ष प्राथमिकता दी, जिससे इसका प्राथमिकता पर समाधान हो सका है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]