स्वतंत्र आवाज़
word map

रूस भारत का अति विश्वसनीय मित्र-गृहमंत्री

'विश्व में आर्थिक शक्ति का अग्रणी बनने की ओर भारत'

मॉस्को में भारतीय समुदाय के बीच गृहमंत्री का संबोधन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 29 November 2017 03:07:36 AM

home minister rajnath singh addressed the indian community in moscow

मॉस्को/ नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मॉस्को में एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने इस मौके पर विभिन्न रूसी नेताओं के साथ बातचीत करते हुए कहा कि उनकी इस यात्रा से भारत और रूस के बीच सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबला, कट्टरता विरोधी, नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने, जाली मुद्रा और सूचनाओं के आदान-प्रदान के क्षेत्र में विशेषज्ञों को प्रशिक्षण दिए जाने में और सहयोग किया जा सकेगा। राजनाथ सिंह ने भारत और रूस के बीच रिश्तों और मैत्रि के दीर्घ इतिहास के बारे में बात करते हुए रूस को भारत का ‘अति विश्वसनीय मित्र’ कहा।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रूस में रह रहे प्रत्येक भारतीय के कार्यों की प्रशंसा की और उन्हें भारत के ‘सांस्कृतिक दूत’ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि उनकी और भारत के बीच भौतिक दूरी लंबी हो सकती, किंतु भावनात्मक दूरी कभी भी नहीं हो सकती। गृहमंत्री ने इस अवसर पर भारत सरकार के आतंकवाद और आतंकवादियों की घुसपैठ को रोकने के प्रयासों और सैन्यबलों के दृढ़ संकल्प तथा संयम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आतंकवाद को विश्व द्वारा झेला जा रहा सबसे बड़ा खतरा बताया। उन्होंने देश के विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों में जनधन योजना, मेक इन इंडिया जैसे भारत सरकार के प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधार का उपयोग करके देश को आर्थिक प्रगति पर लाने का कार्य किया जा रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत विश्व में आर्थिक शक्ति का अग्रणी बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने भारतीय संस्कृति की दृढ़ता के बारे में उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति संपूर्ण विश्व को एक परिवार ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ मानती है, जो भविष्य में भारत को उदार शक्ति बनाने की आधारशिला है। गृहमंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने इन तीन वर्ष में अवसंरचना के विकास से निर्माण के लिए विशेष योगदान दिया है और भारतीय लोगों की साख को बढ़ाया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]