स्वतंत्र आवाज़
word map

जामा ‌मस्जिद एवं आसपास स्वच्छता अभियान

इमाम अहमद बुखारी ने किया स्वच्छता अभियान का स्वागत

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय का राजधानी में स्वच्छता पखवाड़ा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 20 September 2017 02:49:39 AM

jama masjid and surrounding hygiene campaign

नई दिल्ली। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पर्यटन मंत्रालय के स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत जामा मस्जिद नई दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई अभियान चलाने की योजना को कार्यांवित करने के लिए पर्यटन मंत्रालय में निदेशक पी वेंकटेशन ने जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी से मुलाकात की। जामा ‌मस्जिद के शाही इमाम ने पर्यटन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के दल का स्वागत किया और मस्जिद के अंदर स्वच्छता कार्य की अनुमति प्रदान की। पी वेंकटेशन ने पर्यटन अधिकारियों और कर्मचारियों को स्मारक के महत्व के बारे में बताया और इसके बाद गहन साफ-सफाई कार्य किया गया। इस दौरान साफ-सफाई का कार्य पार्किंग क्षेत्र, सर्विस रोड, टिकट काउंटर के आसपास के क्षेत्र और मस्जिद परिसर के अंदर पेयजल वाले क्षेत्र में किया गया।
भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने देश की राजधानी में स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया हुआ है, जिसके अंतर्गत सार्वजनिक स्‍थलों, ऐतिहासिक महत्व के पुरातत्व स्‍थानों पर सफाई अभियान चलाया हुआ है। सफाई अभियान में पर्यटन मंत्रालय की टीम सफाई कर रही है और लोगों को सफाई के ‌प्रति जागरुक कर रही है। पर्यटन मंत्रालय समाज के जागरुक लोगों की भी स्वच्छता अभियान में सहायता ले रहा है। जामा मस्जिद नई दिल्ली के शाही इमाम ने भी इसमें सहर्ष सहयोग किया है। शाही इमाम ने लोगों से अपील की कि वे अपने आस-पास सफाई व्यवस्‍था को बनाए रखें और इसके लिए दूसरों को भी प्रेरित करें। पर्यटन मंत्रालय ने स्वच्छता पखवाड़े में सहयोग देने के लिए शाही इमाम का धन्यवाद दिया। गौरतलब है कि नई दिल्ली देश की राजधानी है, जहां दुनिया के राष्ट्राध्यक्षों, सैलानियों, सामाजिक और शहरों के नियोजनकर्ताओं के दिग्गज़ लोगों का चौबीस घंटे आना-जाना होता है। स्वच्छता और यातायात किसी भी देश के सभ्यता के प्रतीक होते हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]