स्वतंत्र आवाज़
word map

सेवा दिवस पर उत्तराखंड भी आगे रहा!

नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर सहित अनेक कार्यक्रम

यूके भाजपा महिला मोर्चा ने मनाया सेवा दिवस

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 17 September 2017 11:56:58 PM

serving on the prime minister's birthday

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन देशभर में सेवा दिवस के रूप में मनाया गया तो उत्तराखंड भी इसमें कहीं पीछे नहीं रहा। उत्तराखंड राज्य की राजधानी देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल यानी कुमाऊं और गढ़वाल के सुदूर इलाकों तक में भारतीय जनता पार्टी, भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं एवं भाजपा के सहयोगी संगठनों के स्वयंसेवकों ने नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए दिनभर विभिन्न तरीके से जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए। इसवर्ष पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी भी मनाई जा रही है, इसलिए इन दोनों कार्यक्रमों के आयोजन में उत्तराखंड भाजपामय दिखाई दे रहा है। सबसे ज्यादा सक्रियता उत्तराखंड राज्य भाजपा महिला मोर्चा में दिखाई दी है, जिसके पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्यभर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर विभिन्न सेवाकार्य किए।
उत्तराखंड भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष नीलम सहगल के नेतृत्व में राज्य के सभी जनपदों शहरों और गांवों में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अस्पतालों में मरीजों के लिए फलों का वितरण, कहीं ग़रीबों की सहायता, कहीं महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं और बालिकाओं को प्रोत्साहन उपहार देकर और स्वास्‍थ्य शिविर लगाकर सेवाकार्य किए गए। मुख्य सेवा कार्यक्रम देहरादून महानगर भाजपा अध्यक्ष बृजलेश गुप्ता एवं महिला मोर्चे की कार्यकर्ताओं ने आयोजित किया, जहां वार्ड 12 मानस मंदिर, बकरालवाला देहरादून में मेडिकल कैंप लगाए गए। मेडिकल कैंप का बड़ी संख्या में ग़रीब महिलाओं बच्चों पुरुषों ने निःशुल्क लाभ उठाया।
स्वास्‍थ्य शिविर में कोरोनेशन अस्पताल के फिजीशियन डॉ अजीत गैरोला, फिजियोथेरेपिस्ट और महिला रोग विशेषज्ञ डाक्टर चेतना, फिजीशियन डाक्टर सुचीता रावत एवं गाइनोक्लोजिस्ट डाक्टर निशा गेरा ने अनेक महिलाओं और बच्चों के स्वास्‍थ्य की जांच की, उनका चिकित्सकीय मार्गदर्शन किया। शिविर में आए हितधारकों को मुफ्त में दवाईंयां दीं गईं। इस अवसर पर डॉ अजीत गैरोला ने कहा कि वे महिलाएं जो आर्थिक रूपसे कमज़ोर होने के कारण अपनी बीमारी का इलाज नहीं करा पाती हैं, वे उनसे नि:शुल्क परामर्श करके इलाज करा सकती हैं। शिविर में मुख्यमंत्री चिकित्सा सुविधा संबधी जानकारी भी दी गई और बताया गया कि सरकार इसमें किस प्रकार सहायता कर रही है। भाजपा महिला मोर्चा इससे पहले भी इस प्रकार के नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित कर चुका है।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष नीलम सहगल ने सेवा दिवस पर कहा कि भाजपा सरकार जनसाधारण के कल्याण के कार्यकर रही है और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी पर जो कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वे अंत्योदय समाज के अंतिम और विपन्न व्यक्ति के कल्याण को समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जन्मदिन सेवाभाव को समर्पित कर देश और समाज के सामने जनकल्याण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने भाजपानेत्रियों को बधाई दी कि वे भाजपा के लक्ष्य 2019 को हांसिल करने और उत्तराखंड में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए जनता के बीच मेहनत से कार्य कर रही हैं। महिला भाजपा महानगर अध्यक्ष बृजलेश गुप्ता ने कहा कि महिलाएं भाजपा सरकार और समाज के जनकल्याण के सेवाभाव को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
बृजलेश गुप्ता ने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि उनकी महिला भाजपा कार्यकर्ता पूरी मेहनत और निष्ठा से भाजपा का जनाधार बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की महिला कार्यकर्ता देहरादून महानगर में जन सेवा के कार्यक्रमों और महिलाओं की समस्याओं के निराकरण में रचनात्मक भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर महिला भाजपा की उपाध्यक्ष तारा देवी, उपाध्यक्ष ममता गर्ग, उपाध्यक्ष सरोज गुप्ता, मंत्री तृप्ति उनियाल थापा, रानी, उत्तरकाशी वाले आचार्य पंकज डोभाल, राजेश शर्मा, पवन थापा, रूदल शर्मा, पूजा, राघव एवं कार्तिक आदि उल्लेखनीय रूप से उपस्थित थे। भाजपा महिला मोर्चा हरिद्वार ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रीता चमोली के नेतृत्व में यहां विभिन्न सेवाभाव कार्यक्रम आयोजित किए गए। रीता चमोली ने भाजपानेत्रियों को भाजपा के प्रचार-प्रसार के लिए प्रोत्साहित किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]