स्वतंत्र आवाज़
word map

कश्मीर में ईद पर भी हुई पत्‍थरबाज़ी

राष्ट्रपति प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति की बधाई

देशभर में ईद और शुभकामनाएं एवं बधाईयां

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 26 June 2017 01:46:35 AM

eid-ul-fitr

नई दिल्ली/ लखनऊ। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने ईद-उल-फितर पर देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं और हार्दिक बधाई दी है। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ईद-उल-फितर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। इन सभी ने बधाई संदेशों में सभी की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आशा व्यक्त की है कि ईद का पर्व देश एवं प्रदेश में भाईचारा, सहयोग और शांति को अधिक मजबूती प्रदान करेगा। देशभर में आज ईद मनाई जा रही है। सुबह से ही ईदगाहों में ईद की नमाज़ अदा की गई और ईद मुबारक का सिल‌सिला शुरू हुआ।
ईद-उल-फितर पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, केंद्रीय मंत्री उमा भारती, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू, आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी, विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर, केंद्रीय खेल राज्यमंत्री विजय गोयल, उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, खादी ग्राम उद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी, महिला कल्याण और पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ कृष्‍णकांत पॉल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा और वित्तमंत्री अरुण जेटली, रेलमंत्री सुरेश प्रभु, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू, सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राजस्‍थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवरदास, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मायावती, सपा के संस्‍थापक नेता मुलायम सिंह यादव, उत्तर प्रदेश के वक्फ राज्यमंत्री मोहसिन रजा, उत्तर प्रदेश की विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी आदि ने लोगों को मुबारकबाद दी है।
ईद-उल-फितर पर जहां देशभर से ईद मनाने की खबरें आ रही हैं, वहीं जम्मू-कश्मीर में ईद के मौके पर सुरक्षाबलों पर पत्‍थर फेंकने की घटनाएं भी सुनने को मिल रही हैं। कश्मीर में अलगाववादी नेताओं की दैनिक वेतनभोगी पत्‍थरबाज़ों ने एक-दूसरे के गले मिलने वाले त्योहार ईद को भी अपनी हिंसक वारदातों से नहीं बख्शा। कश्मीर में सुरक्षाबल ईद को ध्यान में रखते हुए अत्यधिक संयम बनाए हुए हैं, तथापि पत्‍थरबाज हैं, जो शांति की भाषा को दरकिनार कर सुरक्षाबलों पर पत्‍थर फेंक रहे हैं, जिस कारण सुरक्षाबलों को भी उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े हैं। उधर पाकिस्तान से जमात उद दावा के आतंकवादियों का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें आतंकवादी लाहौर में कश्मीर में डीपीएस स्कूल में सीआरपीएफ के हाथों मारे गए दो आतंकवादियों के लिए दुआएं पढ़ रहे हैं और उनके लिए समर्थन की अपील कर रहे हैं। इस वीडियो ने सिद्ध किया है कि पाकिस्तान कश्मीर में पत्‍थरबाजी और भयानक हिंसा फैला रहा है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]