स्वतंत्र आवाज़
word map

जाति प्रांत और धर्म की राजनीति न करें-शाह

भारत की शक्तिशाली और विश्वसनीय राष्ट्र की छवि

'भाजपा में ही कार्यकर्ता बन सकता है प्रधानमंत्री'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 10 June 2017 01:25:47 AM

bjp president amit shah

रायपुर (छत्तीसगढ़)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रायपुर में समाज के विशिष्ट और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों में भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी सरकार की देश के प्रति राष्ट्रवाद की जागरुकता और विकास, उसमें भी ग़रीब-कल्याण के लिए समर्पित कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए उनके सामने लगभग 106 योजनाओं के माध्यम से एक सर्वस्पर्शी और सर्व-समावेशी विकास प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति से जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टीकरण की राजनीति को ख़त्म करने का काम किया है और दूसरी तरफ दुनिया के सामने भारत की एक शक्तिशाली और विश्वसनीय राष्ट्र की छवि स्‍थापित की है। अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने देश में पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस के एक नए युग की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि देश में जिस राज्य में भी भाजपा की सरकार बनती है, वहां की सरकार लोकाभिमुख, पारदर्शी और निर्णायक होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक पार्टी के साथ ही एक राष्ट्रीय विचारधारा का मिशन भी है, जिसका लक्ष्य किसी को मुख्यमंत्री अथवा प्रधानमंत्री बनाना नहीं है, अपितु भारत को पुनः विश्वगुरु के स्थान पर प्रतिष्ठित करना है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि आज देश में लगभग 1650 छोटी-बड़ी पार्टियों में से सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसमें आतंरिक लोकतंत्र है, भाजपा में अध्यक्ष वंश परंपरा के आधार पर तय नहीं होते, बल्कि योग्यता के आधार पर होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां एक बूथ कार्यकर्ता भी पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है और एक ग़रीब का बेटा और भाजपा का एक छोटा सा कार्यकर्ता भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। अमित शाह ने कहा कि भाजपा में नेता, जाति वंश अथवा धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि अपने कृतित्व, परिश्रम, मेधा और परफॉरमेंस के आधार पर बनते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी की चापलूसी करने से कोई नेता नहीं बनता है, किसी के बेटा होने से यहां कोई नेता नहीं बनता है, किसी बड़ी जाति का होने से यहां कोई नेता नहीं बनता, यहां नेता अपने कृतित्व, परिश्रम, मेधा और परफॉरमेंस के आधार पर बनता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का आतंरिक लोकतंत्र जब तक मजबूत है, इस देश के लोकतंत्र पर कोई आंच नहीं आ सकती।
अमित शाह ने कहा कि मैं तो चाहता हूं कि हमारे विरोधी भी हमसे सीख लेकर अपनी पार्टी के अंदर फ्री एंड फेयर इलेक्शन कराएं, वे वंश परंपरा और जाति, प्रांत व धर्म की राजनीति से बाहर निकलें और परफॉरमेंस के आधार पर अपने नेता का चुनाव करें। उन्होंने कहा कि भारतीय जन संघ की स्थापना ही सिद्धांतों के आधार पर देश को एक वैकल्पिक नीति देने के लिए हुई थी और भाजपा आज भी उन्हीं नीतियों पर चल रही है, भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, देशभक्ति और अंत्योदय के सिद्धांत पर चलती है। उन्होंने कहा कि हम उस वक्त भी कहते थे कि पहले देश, बाद में दल और उसके बाद व्यक्ति और आज भी कहते हैं कि पहले देश, बाद में दल और उसके बाद व्यक्ति। अमित शाह ने कहा कि देश की राजनीति का लक्ष्य अंत्योदय होना चाहिए, ताकि विकास की दौड़ में पीछे छूट गए अंतिम व्यक्ति को विकास की दौड़ में खड़े सबसे पहले व्यक्ति के बराबार लाया जा सके और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी कहना है कि सबका साथ, सबका विकास। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद से कांग्रेस पार्टी ने तीन ही कार्यक्रम हाथ में लिए और ये तीनों कार्यक्रम उनके नेताओं के महिमामंडन के लिए था, जबकि भाजपा ने जितने भी कार्यक्रम हाथ में लिए उसके पीछे देश की भलाई थी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अब देश में सरकारों का तुलनात्मक अध्ययन करने का समय आ गया है कि कांग्रेस, कम्युनिस्ट एवं क्षेत्रीय पार्टियों की सरकारों ने कैसा काम किया है और भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में किस तरह से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि यदि हमारे विरोधी भी भाजपा सरकारों का आकलन करेंगे तो वे हमें 100 में से 100 अंक देंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तीन साल पूरे हुए हैं, लेकिन इन तीन साल में हमारे विरोधी हम पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा पाए हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम, मेकाहारा हॉस्पिटल रायपुर में समाज के विशिष्ट और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की बैठक को जब संबोधित किया तो उनका सर्वाधिक फोकस राष्ट्रवाद, भाजपा की विचारधारा, सिद्धांतों और कार्यपद्धति के परिचय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परफॉरमेंस पर ही था। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश के सभी राज्यों में मेरा प्रवास भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती के उपलक्ष्य में है, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक मूर्धंय चिंतक थे, सादगीभरा जीवन, उच्च विचार और उन विचारों के अनुरूप जीवन जीना उनकी पहचान थी।
अमित शाह ने कहा कि एक राजनीतिक पार्टी कैसे विचारधारा और संगठन के आधार पर चल सकती है, इसका मार्ग पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने ही प्रशस्त किया था, देश में राजनीतिक राष्ट्रवाद की परिकल्पना भी उनकी ही देन थी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने देश की राजनीति के आर्थिक चिंतन की व्याख्या करते हुए कहा था कि अंत्योदय के माध्यम से दरिद्रनारायण की सेवा ही एक सरकार का लक्ष्य हो सकता है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चाहे गौ-हत्या पर प्रतिबंध का आंदोलन हो, कच्छ बचाने का आंदोलन हो, गोवा का सत्याग्रह हो, राम जन्मभूमि का आंदोलन हो, कश्मीर को बचाने का आंदोलन हो या फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ लालकृष्ण आडवाणी की रथ यात्रा हो, ये सारे के सारे आंदोलन भाजपा के लिए नहीं हुए, बल्कि देश की समस्याओं को उजागर कर उनके समाधान के लिए हुए। उन्होंने कहा कि इन आंदोलनों से ही पता चलता है कि भाजपा का चरित्र राष्ट्र उन्मुख है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की श्रृंखला बताती है कि भाजपा सिद्धांतों के आधार पर चलने वाली पार्टी है, जिसमें डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाने के लिए जीवन का बलिदान किया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय को शहीद कर दिया गया, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्‍ण आडवाणी, कुशाभाऊ ठाकरे, सुंदर सिंह भंडारी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कैलाशपति मिश्र, जगन्नाथ राव जोशी और न जाने कितने कार्यकर्ताओं ने अपने जीवन का क्षण-क्षण और शरीर का कण-कण देश के लिए समर्पित किया है।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के क्या सिद्धांत हैं, क्या कोई बता सकता है? कोई नहीं बता सकता, क्योंकि कांग्रेस की स्थापना सिद्धांत के लिए नहीं हुई थी, देश की आजादी प्राप्त करने के लिए हुई थी और इसमें सभी विचारधाराओं के लोग शामिल थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आजादी प्राप्त करने के लिए एक स्पेशल पर्पस व्हीकल थी, इसलिए महात्मा गांधी ने दूरंदेशी का परिचय देते हुए कहा था कि आजादी के बाद कांग्रेस को ख़त्म कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कोई आइडियोलॉजी नहीं थी, इ‌सलिए आज भी उसके पास सरकार चलाने का कोई सिद्धांत ही नहीं है। उन्होंने कहा कि जब जेएनयू में कोई देशद्रोही नारे लगाता है तो हमें अपने विचारों की अभिव्यक्ति में कोई दिक्कत नहीं होती, हम आज भी 'भारत माता की जय' बोलते हैं, हमारे मन में कोई कंफ्यूजन नहीं है, लेकिन उनको लगता है कि ऐसा बोलेंगे तो ये होगा और वैसा बोलेंगे तो ये होगा। उन्होंने कहा कि हमारा स्पष्ट मानना है कि जो देश विरोधी नारे लगाएगा, देशद्रोही कहलाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भारतीय जनसंघ की विचारधारा में एक बड़ा अंतर यह था कि कांग्रेस देश में सत्ता चाहती थी, जबकि भारतीय जनसंघ देश की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली वैभव के आधार पर देश का पुर्ननिर्माण करना चाहती था। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का कोई सिद्धांत नहीं है, वह देश का विकास नहीं कर सकती।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही ऐसी पार्टी है, जो सिद्धांतों के आधार पर चलती है और देश के खोए हुए गौरव को पुर्नस्‍थापित करना चाहती है। अमित शाह ने कहा कि देश की जनता ने देश के बेहतर भविष्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए उनके हाथों में देश की बागडोर सौंपने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 2014-2017 के इस सफ़र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई कहानी लिखी है, भारत दुनिया की सबसे तेज़गति से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था बनी है, कांग्रेस की सोनिया-मनमोहन सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था की विकास दर को 4.4 प्रतिशत पर लाकर छोड़ा, जिसे हम फिर से 7 प्रतिशत से ऊपर लाने में सफल हुए हैं और यह लगातार आगे की ओर बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए हिंदुस्तान ने दुनियाभर में यह संदेश दिया है कि अब हमारी सीमाओं की ओर कोई बुरी नज़र से नहीं देख सकता, इससे यह संदेश गया कि हम शांति तो चाहते हैं, लेकिन सीमाओं पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष में मोदी सरकार ने देश को कांग्रेस के समय की पॉलिसी पैरालिसिस से बाहर निकालने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने हर मोर्चे पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशाभरी निगाहों से देख रही है, अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में भारत की एक छवि बनी है, जिससे भारत फिर से विश्वगुरू के रूप में स्‍थापित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए एक राष्ट्र, एक कर के स्वप्न को साकार करते हुए जीएसटी को लागू करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की राजनीति के अंदर फिर से शुचिता को प्रतिस्थापित करने, राजनीति में पारदर्शिता लाने और देश के लोकतंत्र को मजबूत करने और देश का सर्वस्पर्शी व सर्व-समावेशक विकास करने का काम कर रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव ने साबित करके दिखाया है कि मोदी सरकार गरीबों, किसानों, दलितों, शोषितों, युवाओं एवं महिलाओं की सरकार है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पूरा देश आज एकजुट हुआ है, वे आजादी के बाद सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता का पूर्ण विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में है, उनके नेतृत्व में देश दिन दुगुना, रात चौगुना आगे बढ़ा है, भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीछे एकजुट हो देश के विकास के लिए अनवरत काम कर रही है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]