स्वतंत्र आवाज़
word map

विकास और सुशासन पर ध्यान-वेंकैया

दूरदर्शन पर भारत के विकास की 14 लघु फिल्में

देश में मनेगा भारत निर्माण का एक उत्सव

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 28 May 2017 07:23:42 AM

m. venkaiah naidu

नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार का पूरा ध्यान एकीकृत विकास, समेकित वृद्धि और सुशासन पर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन 3 साल में लोककल्याण के लिए कई पहलों की शुरुआत की है, जिससे सबका साथ सबका विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि कई अहम सरकारी योजनाएं, जिनका लोगों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है, जिससे देश में बड़ा बदलाव आया है, उनकी सफलता को दर्शाने के लिए दूरदर्शन ने 14 लघु फिल्मों का निर्माण किया है, ये फिल्म देशभर में जमीनी स्तर पर आए बदलाव को सफलतापूर्वक और विस्तार से बताने में सफल रही हैं।
सूचना प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने अलग-अलग अहम सरकारी योजनाओं की सफलता पर दूरदर्शन की 14 लघु फिल्मों के रिलीज के मौके पर कहा कि ये लघु फिल्में सभी दूरदर्शन केंद्रों पर हिंदी और दूसरी भारतीय भाषाओं में दिखाई जाएंगी, इनका लक्ष्य दूसरे लोगों को भी सरकारी योजनाओं के तहत लाभ लेने के लिए प्रेरित करना और इसकी जानकारी देना है। उन्होंने बताया कि ये फिल्में सूचना मंत्रालय के दूसरे मीडिया यूनिट के जरिए भी दिखाई जाएंगी, ताकि देश के ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें। वेंकैया नायडू ने कहा कि सूचना प्रसारण मंत्रालय सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए मेकिंग ऑफ डेवलप्ड इंडिया यानि विकसित भारत निर्माण का एक उत्सव देशभर में मनाएगी, जिसे मीडिया यूनिट के जरिए भी दिखाया जाएगा।
वेंकैया नायडू ने दूरदर्शन की नई पहल फ्रीडिश पर कहा कि डीडी फ्री डिश सेवा देश में मौजूद सबसे बड़ी डीटीएच सेवा है, हाल के आंकड़ों के मुताबिक 2 करोड़ 20 लाख परिवार तक इसकी पहुंच है, सरकार ने इसकी पहुंच और बढ़ाने के लिए डीडी डिटिएच बॉक्स को राज्य सरकारों के जरिए देश के सुदूर और आंतरिक इलाकों खासकर नक्सल पीड़ित इलाकों में मुफ्त में देने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रसारण मंत्रालय 10 हजार बॉक्स छत्तीसगढ़ सरकार को नक्सली इलाकों में वितरण के लिए देगा। दूरदर्शन की लघु फिल्मों में कुछ प्रमुख विषय-वस्तुओं को ध्यान में रखा गया है, जैसेकि मिशन इंद्रधनुष, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और सॉयल हेल्थ कार्ड, सबका साथ सबका विकास, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्किल इंडिया, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, कौशल भारत कुशल भारत, प्रधानमंत्री जन धन योजना और उज्जवल भारत के तहत राष्ट्रीय सोलर मिशन।
उधर आज दूरदर्शन ने नई दिल्ली के एसियाड विलेज में एक स्पोर्ट्स कॉंक्लेव का आयोजन किया, जिसमें देश की जानी-मानी खेल शख्सियतों, खेल संघों, खेल पत्रिकाओं और अख़बारों के संपादकों ने लाइव प्रसारण के दौरान परिचर्चा में हिस्सा लिया। डीडी स्पोर्ट्स पर वाराणसी, गुवाहाटी और दूसरे जगहों के स्थानीय खिलाड़ी और राज्य खेल संघों के अधिकारी सीधे जुड़े और बातचीत की। इस खेल आयोजन में भारतीय खेल के भविष्य और स्थानीय खेल की गुणवत्ता को सुधारने के लिए नीति बनाने, ताकि भारत आने वाले दिनों में खेल के क्षेत्र में मजबूती से उभरे, इस पर चर्चा हुई।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]